- फतेहपुर के भाजपा नेता ने दर्ज कराया गोमती नगर में केस

- ददुआ का रिश्तेदार बताते हुए दी थी जान से मारने की धमकी

LUCKNOW:

केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल की बहन पल्लवी पटेल और उनके पति पंकज सिंह के खिलाफ गोमती नगर थाने में धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया है। उन पर आरोप है कि उन्होंने फर्जी दस्तावेज तैयार कर फतेहपुर के बीजेपी जिला महामंत्री पंकज त्रिपाठी के फ्लैट पर कब्जा करने का प्रयास किया। गौरतलब है कि इस मामले में पंकज सिंह ने बयाना लेने के बाद भी रजिस्ट्री न करने का आरोप लगाकर पंकज त्रिपाठी पर केस दर्ज कराया था।

फ्लैट पर कब्जे का विवाद

गोमती नगर के विवेकखंड स्थित राजीव गांधी नगर में मंगलम अपार्टमेंट है। पंकज त्रिपाठी ने बताया कि उन्होंने 10 अप्रैल 2013 को अतिंदर कौर से यहां फ्लैट खरीदा था। देखरेख के लिए इसे पंकज सिंह को रहने के लिए दे दिया। कुछ माह पहले जब पंकज सिंह से फ्लैट खाली करने को कहा तो उसने कहा कि अपना दल की केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल की सगी बहन पल्लवी पटेल से उसकी शादी हुई है। कुछ दिनों बाद फ्लैट खाली कर दूंगा।

मैं ददुआ का रिश्तेदार हूं

पंकज त्रिपाठी ने पंकज सिंह से फ्लैट खाली करने को कहा था, जिस पर पंकज सिंह ने धमकी दी कि मैं ददुआ का रिश्तेदार हूं। ददुआ की मौत हो गई है, उसके लोगों की नहीं। मामला गोमती नगर थाने पहुंचा जहां पंकज सिंह ने एक कांट्रैक्ट लेटर दिखाया जिसमें फ्लैट की कीमत 56 लाख थी और 35 लाख बयाना के रूप में देने की बात कही गई थी। पंकज सिंह की शिकायत पर बीजेपी नेता पंकज त्रिपाठी के खिलाफ दो माह पहले पुलिस ने एफआईआर दर्ज की थी।

कोर्ट के आदेश पर एफआईआर

पंकज त्रिपाठी ने इसकी पार्टी नेताओं और अधिकारियों से शिकायत की। जब सुनवाई नहीं हुई तो कोर्ट की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर गोमती नगर पुलिस ने 20 जुलाई को पंकज सिंह, पल्लवी पटेल, विशाल तिवारी, देवेंद्र प्रताप सिंह और विजय प्रताप के खिलाफ धोखाधड़ी और जान से मारने की धमकी देने की एफआईआर दर्ज कराई है। गोमती नगर पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है।