आगरा। चमकाने के बहाने आभूषण लूटने वाले शातिर सिटी में घूम रहे हैं। ऐसी ही एक घटना थाना ताजगंज के एकता चौकी के सामने हुई। यहां पर शातिरों ने हॉस्पिटल संचालक की पत्नी को निशाना बना लिया। जेवरात साफ करने के नाम पर लाखों के आभूषण लेकर भाग निकले। पीडि़ता ने पीछा भी किया, लेकिन वह हाथ नहीं आ सके। सूचना पर पुलिस पहुंच गई।

बर्तन साफ करने घुसा शातिर

थाना ताजगंज की एकता चौकी के सामने कॉलोनी में रहने वाली प्रिंयका ठाकुर के पति विजय ठाकुर का रोहता रोड पर मयूर हॉस्पिटल है। मंगलवार को सुबह 11 बजे करीब प्रियंका घर में पूजा की तैयारी कर रही थीं। वह गंगा सागर साफ कर रहीं थीं। उसी दौरान एक युवक घर के अंदर दाखिल हुआ। दो युवक बाहर खड़े थे। खुद को बर्तन साफ करने वाला बताया। उनके हाथ में केमिकल था।

अलमारी से ज्वैलरी लाकर युवक को दे दी

युवक ने गंगा सागर को केमिकल से चमका दिया। यह देख कर प्रियंका को लगा कि वह और भी चीजें साफ करवा सकती है। उसने अपनी तोडि़यां भी साफ करवा लीं। इसके बाद अलमारी में रखे आभूषण ले आई। जेवर साफ करने के लिए युवक को थमा दिए।

बर्तन में हाथ डालने से किया इनकार

युवकों ने पानी गर्म करवाया और उसमें केमिकल डाल दिया। आभूषण भी केमिकल में डाल दिए। युवकों ने महिला से बर्तन में हाथ डालने से मना कर दिया। लेकिन वह नहीं मानी उसने बर्तन में हाथ डाला तो उसमें आभूषण नहीं थे। यह देख उसके होश उड़ गए। पीछे मुड़कर देखा तो युवक भी गायब थे।

युवकों को पकड़ने के लिए महिला ने लगाई दौड़

प्रियंका ने युवकों के पीछे दौड़ लगा दी। उसके दो साथी बाहर खड़े थे। उसके भागते ही दोनों साथी भी उसके साथ हो लिए। महिला उनके पीछे दौड़ी लेकिन तीनों शातिर ?लैक पल्सर पर सवार होकर निकल भागे। पीडि़ता ने एकता चौकी पहुंच कर घटना की शिकायत की है।