- पिपराइच एरिया में 80 महिलाओं को लगाया चूना

- सिलाई मशीन और लोन दिलाने का दिया था आश्वासन

द्दह्रक्त्रन्य॥क्कक्त्र : पिपराइच एरिया में एनजीओ खोलकर जालसाजों ने 80 महिलाओं को चूना लगाया। महिलाओं को बैंक से कर्ज दिलाने और सिलाई मशीन देने के नाम पर रुपए जमाकर फरार हो गए। मंडे को दफ्तर पर पहुंची महिलाएं ताला लगा देखकर परेशान हो गई। महिलाओं ने थाने पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस का कहना है कि संस्था चलाने वाले फरार नहीं हुए बल्कि सबके रुपए लौटा रहे हैं।

एक साल पहले खोला था एनजीओ का दफ्तर

10 माह पूर्व पिपराइच के सिधावल चौराहे पर फुलवरिया के जगदीश और हरसेवकपुर, लक्ष्मीपुर के गौतम नाम के व्यक्तियों ने जनसेवा नामक एनजीओ का ऑफिस खोला। ऑफिस खोलने के बाद संस्था के कर्मचारियों ने क्षेत्रीय महिलाओं का समूह बनाया। समूह बनाकर महिलाओं से रुपए जमा कराने को कहा। उनको बताया कि रुपए जमा कराने वाली महिलाएं जरूरत पड़ने पर बैंक से कर्ज ले सकेंगी। इसके साथ ही बेटी की शादी करने पर उनको संस्था की तरफ से सिलाई मशीन दी जाएगी। यह कहकर दोनों ने दो से लेकर छह हजार तक जमा कराया। बाद में ऑफिस पर ताला लगाकर फरार हो गए। ऑफिस का बोर्ड भी गायब हो गया।

मदद मांगने पहुंची तो जालसाजी की हुई जानकारी

मंडे को बड़ेगांव की नीलू, सविता, रीता, मीना, लालदेई, गड़हवा की मनियरा, दुर्गावती, नलिता, रामरती, सोनिया समेत कई महिलाएं एनजीओ के दफ्तर पर पहुंची। वहां ताला बंद देखकर उनका माथा ठनक गया। पास पड़ोस के लोगों ने बताया कि कई दिनों से दफ्तर नहीं खुला है। महिलाओं को अहसास हुआ कि उनके रुपए जमा कराने वाले ठगी करके फरार हो गए हैं। महिलाओं ने थाने पहुंचकर आरोपी जगदीश और गौतम के खिलाफ तहरीर दी।

महिलाओं ने तहरीर दी है। संस्था खोलने वाले भागे नहीं हैं। वे सभी महिलाओं का धीरे- धीरे करके पैसा लौटा रहे हैं। यदि उन्होंने किसी महिला का पैसा नहीं दिया तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

शशांक शेखर राय, एसओ पिपराइच