RANCHI: राजधानी रांची में एक दवा कंपनी में काम करने वाले विकास और उसकी पत्नी से गहने साफ करने के नाम पर सोने की दो अंगूठी और गले की चेन लेकर दो ठग फरार हो गए। मामले में विकास ने अरगोड़ा थाने में मामला दर्ज करवाया। पुलिस घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे का फुटेज देख रही है।

ऐसे झांसे में लिया

थाने में दर्ज कंप्लेन के अनुसार, शुक्रवार दोपहर विकास और उसकी पत्नी घर में खाना खा रहे थे। उसी समय कोट-टाई पहने दो लोग घर आए। बताया कि वो लोग गुजरात की सुविधा कंपनी से आए हैं। घर के मार्बल, टाइल्स और धातु साफ करने का काम करते हैं। उनकी कंपनी झारखंड में आने वाली है। इसलिए वे प्रचार में निकले हैं और अभी हर तरह की सफाई फ्री में कर रहे हैं।

बर्तन चमकाए फिर मांगे गहने

विक्टिम के अनुसार, दोनों ठगों ने पहले घर के बर्तन चमका दिए। इसी बीच उसमें से एक ने महिला के पायल को देखकर कहा यह काफी गंदा है, लाइए इसे भी चमका देता हूं। पायल चमकाने के बाद उन्होंने धीरे-धीरे सोने के कुछ गहने भी मांगे और कहा कि इसे कुकर में 10 मिनट तक भाप देकर साफ किया जाता है।

कुकर में गहने रख चले गए

दोनों ठगों ने कहा कि सोने के गहने को चमकाने के लिए उसे उनकी कंपनी के पाउडर के साथ कुछ केमिकल मिलाकर कुकर में 10 मिनट तक उबालना पड़ेगा। फ्री में गहने चमकाने के चक्कर में विकास और उसकी पत्नी ने अपनी अंगूठी और सोने की चेन कुकर में रख दिए और उसे गैस पर चढ़ा दिया।

गहने लेकर फरार

इसी बीच दोनों ठग बाहर चले गए, तकरीबन 20 मिनट तक जब वे वापस नहीं लौटे तो पति-पत्‍‌नी ने कुकर खोलकर देखा कि गहने साफ हुए हैं या नहीं। लेकिन कुकर खोलते ही वे हैरान रह गए, क्योंकि उसमें कोई गहना था ही नहीं। पति-पत्‍‌नी को बेवकूफ बनाकर दोनों उनके गहने लेकर फरार हो चुके थे।