- सोनबरसा बाजार में एसबीआई की शाखा के सामने हुई घटना

- बैंक से रकम निकालकर लौट रही थी महिला

GORAKHPUR: चौरीचौरा के सोनबरसा बाजार में एसबीआई की शाखा के पास जालसाज कागज की गड्डी थमाकर महिला के 39 हजार रुपए लेकर फरार हो गया। महिला बैंक से रकम निकाल लौट रही थी। आसपास के दुकानदारों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला से मामले की जानकारी ली। डुमरी खास के बैजनाथ की पत्‍‌नी छोहाड़ी देवी का सोनबरसा बाजार में एसबीआई की शाखा में खाता है। गुरुवार दोपहर वह 39 हजार रुपए निकाली थीं। वह जैसे ही बैंक के बाहर आईं, एक युवक मिला। उसने बैंक में खुद का खाता न होने का झांसा दिया। उसने अपने पास 50 हजार से ज्यादा रुपए होने की जानकारी देकर महिला से कहा कि वह अपनी रकम देकर उससे नोटों की गड्डी ले सकती हैं। उसके झांसे में आई महिला ने 39 हजार रुपया दे दिए। बदले में जालसाज ने एक गड्डी दी, जिसे रुमाल से लपेटा गया था। जालसाज के जाते ही महिला ने रुमाल खोला तो देखा कि वह कागज की गड्डी थी। महिला शोर मचाने लगी तो आसपास के लोग एकत्र हो गए और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस बैंक और आसपास की दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरे की मदद से जालसाज के बारे में पता लगा रही है।