- कैंट एरिया की घटना

- पार्क से टहल कर लौट रही थी घर, रास्ते में हुई शिकार

- CCTV में रिकॉर्ड हुई दो ठगों की तस्वीर, जांच शुरू

GORAKHPUR: कैंट एरिया के बेतियाहाता के पास पार्क से लौट रही महिला को झाड़फूंक का झांसा देकर तीन जालसाजों ने सोने की चेन, बाली और अंगूठी ठग लिया। घर पहुंचने पर महिला को ठगी का एहसास हुआ। उसने फौरन इसकी जानकारी पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पास की एक कपड़े की दुकान में लगे सीसीटीवी को खंगाला तो पता चला कि पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई है। तीन में से दो ठगों की तस्वीर साफ हो गई है। जिनकी पहचान में लगी पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पीडि़त महिला ने थाने में तहरीर दे दी है।

घर जाकर पहनना गहने

कैंट एरिया के अलहदादपुर की रहने वाली सरस्वती देवी रोजाना प्रेमचंद पार्क में सुबह टहलने जाती हैं। बुधवार की सुबह साढ़े पांच बजे के करीब वह घर से निकली थीं और टहलने के बाद पैदल ही घर लौट रही थीं। रास्ते में टीडीएम इंटर कॉलेज तिराहे के पास बाइक सवार तीन युवक मिले। उन लोगों ने सरस्वती देवी को रोककर कहा कि वह झाड़फूंक से कमर और पैर का दर्द पूरी तरह ठीक कर देते हैं। पहले तो सरस्वती देवी ने इनकार किया लेकिन युवकों ने रोजी रोटी का वास्ता देकर रोक लिया। उनमें से एक ने कहा कि कान की बाली, चेन और अंगूठी निकाल लें। इसके बाद एक कागज दिया और बोला कि इसी में मोड़कर गहने अपने पास रखें और घर जाकर उन्हें गंगाजल से धोकर दोबारा पहनें। इसके बाद सभी तकलीफों से आराम हो जाएगा। इसी बीच दूसरे युवक ने कागज मांग उसे झाड़ने की बात कही। महिला ने कागज में लिपटे गहने इसे दे दिए। महिला का कहना है कि इसी बीच युवक ने कागज बदल दिया जिसकी जानकारी उन्हें घर आने पर हुई। घर आकर देखा तो कागज खाली था। यह देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत बेटे को जानकारी दी जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। घटनास्थल के पास ा की दुकान की सीसीटीवी फुटेज से मिली तस्वीर के आधार पर पुलिस जांच कर रही है।

वर्जन

सीसीटीवी फुटेज मिली है। इसके आधार पर ठगों की पहचान की जा रही है। जल्द ही ठग पुलिस की गिरफ्त में होंगे।

- हरिओम बाजपेयी, इंस्पेक्टर कैंट