- खजनी एरिया के जैतपुर की घटना

- उपचार के बहाने मंगाया था पानी

GORAKHPUR: खजनी एरिया के नंदापार, जैतपुर निवासी पंकज शुक्ल के घर पहुंचे जालसाज लाखों रुपए की ज्वेलरी लेकर फरार हो गए। तीन दिन पूर्व घटना की सूचना पर पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। पंकज ने कहा कि उनकी पत्नी घर पर अकेली थीं। उनको झांसा देकर जालसाज गहने लेकर भाग गए। खजनी पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।

पानी मंगाने के बहाने ले भागे ज्वेलरी

किसी जरूरी काम से मंगलवार को पंकज शुक्ला शहर में आ गए थे। उनकी पत्नी घर पर अकेली थीं। उनकी पत्नी को सिरदर्द की परेशानी है, जिसका इलाज चल रहा है। दोपहर में करीब 12 बजे बाइक सवार दो अज्ञात व्यक्ति उनके घर पहुंचे। अकेली महिला को घर में देखकर बताया कि पंकज भइया ने सिरदर्द का इलाज करने के लिए भेजा है। इलाज के बहाने महिला को बातों में उलझाकर घर में रखी सारी ज्वेलरी मंगा ली। युवकों के बहकावे में आकर महिला ने आलमारी में रखा हार, अंगूठी, कंगन, मंगल सूत्र सहित लाखों रुपए का गहना निकलवा लिया। युवकों ने बताया कि वह ज्वेलरी पर नमक छिड़केंगे, जिससे सारा दर्द दूर हो जाएगा। इसके लिए दोनों ने पानी मंगाया। पानी लेने के लिए महिला घर में गई। तभी मौका देखकर जालसाज ज्वेलरी सहित फरार हो गए। पंकज की पत्नी ने मामले की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी। जांच पड़ताल करके पुलिस कर्मचारी लौट गए।