- पति का परिचित बनकर पहुंचा, पत्नी को लगाया चूना

- गुलरिहा एरिया के मंगलपुर, जगदीशपुर में हुई घटना

GORAKHPUR: गुलरिहा एरिया के मंगलपुर, जगदीशपुर में महिला को झांसा देकर बाइक सवार उचक्का एक लाख के गहने लेकर फरार हो गया। महिला के पति से मोबाइल पर बात करके खुद को उसका परिचित बताते हुए युवक ने वारदात को अंजाम दिया। शाम को पति के घर लौटने पर महिला ने गहनों के बारे में जानकारी ली तो जालसाजी का मामला सामने आया। महिला के पति की सूचना पर पुलिस जांच में जुटी है।

घर पर अकेली थी पत्नी

मंगलपुर, जगदीशपुर निवासी अशोक कुमार शर्मा सरहरी पुलिस चौकी महराजगंज के पास मेडिकल स्टोर चलाते हैं। शनिवार सुबह करीब आठ बजे वह दुकान पर चले गए। नौ बजे लाल बाइक सवार एक अंजान युवक उनके घर पहुंचा। उसने अशोक को आवाज दी तो उनकी पत्नी राधिका बाहर निकलीं। अशोक के बारे में पूछते हुए युवक ने खुद को उनका दोस्त बताते हुए महिला को झांसे में ले लिया। बातचीत के दौरान ही उसने महिला के सामने अशोक का मोबाइल नंबर लेकर बात की। हालांकि अशोक ने जब युवक के बारे में जानकारी ली तो उसने झट से फोन काट दिया।

पति लौटे तो सामने आया मामला

अशोक के घर पर न होने की बात जानकर युवक रुक गया। थोड़ी देर बाद उसने महिला को बताया कि अशोक को अचानक रुपए की जरूरत पड़ गई है। इसलिए उसने घर में रखे सारे गहने मंगाए हैं। पति से बात किए बिना ही राधिका ने अपरिचित युवक को अपने सारे गहने थमा दिए। गहने समेटकर युवक फरार हो गया। शाम को दुकान बंद करके अशोक घर पहुंचे तो पत्नी गहनों के बारे में पूछा। बताया कि आप के दोस्त घर का सारा गहना लेकर आप को देने गए थे। पत्नी की बात सुनकर अशोक परेशान हो गए। उन्होंने मामले की सूचना पुलिस को दी। गुलरिहा पुलिस जालसाज की तलाश में जुटी है।