-15 मार्च तक फल व्यापारियों ने टाल दी बंदी

-फलों के दाम नीचे आने के आसार, होली पर महंगे बिके फल

ALLAHABAD: मुंडेरा फल मंडी की हड़ताल खत्म हो जाने से पब्लिक को राहत मिलेगी। जल्द ही फलों के दाम नीचे आने के आसार जताए जा रहे हैं। बता दें कि जिला प्रशासन ने फल व्यापारियों को 15 मार्च के बाद अवैध मंडियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया है। फल व्यापारियों ने इसे स्वीकार कर लिया है। हालांकि, इस बीच होली पर महंगे फलों की बिक्री हुई।

चुनाव बाद मिलेगी फोर्स

अवैध फल मंडियों के विरोध में चल रही मुंडेरा फल मंडी की हड़ताल चार मार्च को खत्म हो गई। प्रशासन ने कार्रवाई के लिए 15 मार्च तक का समय मांगा है, क्योंकि 11 मार्च को फूलपुर लोकसभा का मतदान और 14 मार्च को मतगणना है। ऐसे में जिले की तमाम फोर्स चुनाव में लगाई गई है। प्रशासन की अपील को मानते हुए फल व्यापारियों ने अपने पैर वापस खींच लिए।

फिर भी होली पर महंगे मिले फल

फल मंडी की हड़ताल से फलों के दाम में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। होली पर संतरा, अंगूर और अनार के दामों में पांच से दस रुपए की तेजी रही। पिछले तीन दिन में फलों के दाम 20 से 30 रुपए तक बढ़ गए हैं। फल विक्रेताओं का कहना था कि हड़ताल वापस हो जाने के बाद दो से तीन दिन में फलों के दाम अपने आप कम हो जाएंगे।

इन मंडियों के खिलाफ आंदोलन

-फाफामऊ बाईपास

-बक्शी बांध

-नैनी फल मंडी

-खुल्दाबाद मंडी

-बैरहना मंडी

मुंडेरा फल मंडी में रोज आने वाला माल (लगभग में)

संतरा: दस ट्रक

सेब: पांच ट्रक

अंगूर: चार ट्रक

अनार: तीन ट्रक

कुल आढ़तियों की संख्या: 150

रोजाना होने वाली राजस्व वसूली: दो से ढाई लाख

कॉलिंग

प्रशासन का कहना था कि 15 मार्च के बाद अवैध फल मंडियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। हमने उनकी बात मान ली है और चार मार्च से व्यापार शुरू कर दिया है। इस फायदा पब्लिक को मिलेगा।

-बच्चा यादव, महामंत्री, मुंडेरा मंडी फल सब्जी व्यापारी संघ

हमारी हड़ताल अवैध फल मंडियों के खिलाफ थी। हमने केवल प्रशासन के कहने पर अपने पैर वापस खींचे हैं। 15 मार्च के बाद प्रशासन ने अवैध मंडियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

-अजय कुशवाहा, कोषाध्यक्ष