प्रशासन ने मांगा 48 घंटे का समय, मीटिंग में लिया जाएगा फैसला

ALLAHABAD: तहसील कोरांव के पूर्ति निरीक्षक पर हमले के विरोध में खाद्य एवं रसद विभाग की आपूर्ति व विपणन शाखा के अधिकारियों व कर्मचारियों की हड़ताल ने दूसरे दिन ही असर दिखा दिया। जिले में धान खरीद प्रक्रिया लगभग ठप हो गई। इससे अनाज लेकर आए किसान धान बेचने के लिए दर-दर भटकने पर मजबूर हो गए। मजबूरन गुरुवार शाम प्रशासन को विभागीय अधिकारियों व कर्मचारियों को वार्ता के लिए बुलाना पड़ा। दोषियों के पकड़ने का आश्वासन मिलने के बाद हड़तालियों ने अपने फैसले पर पुनर्विचार की बात कही है। क्षेत्रीय विपणन अधिकारी नीलेश उत्पल ने बताया कि शुक्रवार सुबह होने वाली मीटिंग में आगे की रणनीति बनाई जाएगी। संभवत: आंदोलनकारी सांकेतिक हड़ताल पर जा सकते हैं। मौके पर महेंद्र यादव, विनोद जायसवाल, भीम सिंह, मनोज त्रिपाठी, सत्येंद्र राय, पृथ्वीराज, रामनरेश यादव आदि उपस्थित रहे।