प्लेस- बलदेव प्लाजा
पेट्रोलियम कंपनी- हिंदुस्तान पेट्रोलियम
टाइम- 12.05 दोपहर
बलदेव प्लाजा स्थित पेट्रोल पंप वैसे तो काफी पुराना है। इसे इंडिया ट्रेडिंग कंपनी के नाम से जाना जाता है। जब इस पेट्रोल पंप का रियेलटी चेक किया गया तो चौंकाने वाले फैक्ट सामने आये। पेट्रोल पंप के मालिक मनोज कुमार से जब टॉयलेट और पीने वाले पानी की सुविधा के बारे में पूछा गया तो उन्होंने जवाब में यह कहा कि यहां आने वालों के लिए पानी का कंटेनर रखा गया है और टॉयलेट की व्यवस्था भी है। जबकि सच्चाई यह है कि पेट्रोल पंप के बगल में मालिक ने अपनी मोबाइल शॉप में टॉयलेट की व्यवस्था की थी और पानी पब्लिक के लिए नहीं बल्कि पेट्रोल पंप के कर्मचारियों के लिए था।


प्लेस- इंदिरा बाल बिहार  
पेट्रोलियम कंपनी- हिंदुस्तान पेट्रोलियम
टाइम- 12.10 दोपहर

सिटी के पॉश इलाके में बना यह पेट्रोल पंप वैसे तो काफी पुराना बताया जाता है। लेकिन इस पेट्रोल पंप पर पब्लिक के यूज के लिए न तो प्रॉपर टॉयलेट की व्यवस्था है और ना ही यहां आने वाले लोगों को हवा की सुविधा मिलती है। कमोबेश यही हाल पानी का भी है। मजे की बात तो यह रही कि पेट्रोल पंप पर तैनाती कर्मचारी से जब टॉयलेट होने की बात पूछी गई तो उसने फौरन बगल के सुलभ शौचालय का रास्ता दिखा दिया.   

प्लेस- टाउन हाल
पेट्रोलियम कंपनी- भारत पेट्रोलियम
टाइम- 12.17 दोपहर
सन 1937 में बना यह पेट्रोल पंप सिटी का काफी पुराना पेट्रोल पंप है। जानकारों की मानें तो यह सिटी का पहला पेट्रोल पंप है। लेकिन इस पेट्रोल पंप आने वाले पब्लिक के लिए आज तक टॉयलेट की फैसिलिटी प्रोवाइड नहीं कराई जा सकी है। जबकि टॉयलेट होना हर पेट्रोल पंप पर अनिवार्य है। वहीं इस तपती गर्मी में लोगों को पानी पीने की कोई व्यवस्था नहीं दिखी। जो पानी का कंटेनर रखा भी गया तो वह सिर्फ दिखाने के लिए था। जबकि इस कंटेनर से पब्लिक कोई सुविधा न मिलकर पेट्रोल पंप के कर्मचारी इसका लाभ लेते हैं।

प्लेस- दाउदपुर  
पेट्रोलियम कंपनी- हिंदुस्तान पेट्रोलियम
टाइम- 12.36
किसी समय में पैडेलगंज से नौसड़ की तरफ जाने वाले रास्ते को एनएच-28 के नाम से जाना जाता था। लेकिन आज की डेट में यह रास्ता सिटी को जोड़ता है। दाउदपुर से देवरिया बाईपास रोड पर बना हिंदुस्तान पेट्रोलियम कंपनी के इस पेट्रोल पंप पर टॉयलेट की सुविधा नहीं है। मौके पर मौजूद कर्मचारियों की माने तो ऑफिस के अंदर बने टॉयलेट को कभी-कभी पब्लिक के लिए खोलते हैं। जबकि नियमानुसार पब्लिक के लिए अलग से टॉयलेट होना चाहिए। यही हाल पानी का था। दिखाने के लिए ठंडे पानी के टैप लगाए गए हैं, लेकिन यह सूखा रहता है।

क्या है नियम
पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के मेंबर चंद्र प्रकाश खेतान बताते हैं कि पेट्रोलियम कंपनी का सख्त निर्देश है कि सभी पेट्रोल पंप पर पब्लिक के लिए टॉयलेट, पीने के लिए पानी और हवा की आज की डेट में इस रूल को फॉलो करना सभी के लिए अनिवार्य है। अगर कोई इस रूल को फॉलो नहीं करता है उसके खिलाफ पेनाल्टी चार्ज की जाती है। अगर कोई पुराना पेट्रोल पंप है और उसके यहां इन तीनों सुविधा में से एक भी सुविधा नहीं है तो उसे यह सुविधा देना चाहिए। वैसे आने वाले दिनों में टॉयलेट, पानी और हवा की जो सुविधा मुफ्त में दी जा रही है। वह पे एंड यूज होने जा रही है। इसके लिए अपूर्व चंद्रा कमेटी भी बनी हुई है। कोशिश यह है कि इसे जल्द से जल्द ऑन पेमेंट कर दिया जाए।

पेट्रोलियम मंत्रालय का सख्त निर्देश है कि हर पेट्रोल पंप पर पब्लिक के लिए शौचालय, पीने के लिए पानी और हवा की व्यवस्था मुहैया कराई जाए। अगर इन तीनों सुविधा में से एक भी सुविधा नहीं दी जा रही है तो उस पेट्रोल पंप ऑपरेटर के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
रवि प्रकाश, सेल्स अफसर, भारत पेट्रोलियम कंपनी

टॉयलेट, हवा और पीने के लिए पानी की सुविधा बिलकुल होनी चाहिए। अगर किसी हिंदुस्तान पेट्रोलियम कंपनी पर अगर इन तीनों में से एक भी सुविधा नहीं है तो उस पेट्रोल पंप ऑपरेटर के खिलाफ फाइन लगाया जाएगा।
सूरज रंजन, सेल्स अफसर, हिंदुस्तान पेट्रोलियम कंपनी

 

report by : amarendra.pandey@inext.co.in