- परिजनों ने लगाया डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप

GORAKHPUR: जिला महिला अस्पताल में शनिवार सुबह नवजात की मौत के बाद परिजनों ने हंगामा कर दिया। उनका कहना था कि बच्चे की हालत अचानक खराब हुई तो डॉक्टर और कर्मचारी इलाज के बदले पैसे लाने के लिए कहने लगे। विरोध करने पर इलाज से मना कर दिया। इस बीच इलाज के अभाव में बच्चे की मौत हो गई। मिली जानकारी के मुताबिक पीपीगंज एरिया के पलिया गांव निवासी रामनगीना की गर्भवती पत्नी गीता को चार मई को तेज दर्द उठा। तत्काल उन्हें जिला महिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उन्होंने बच्चे को जन्म दिया। जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ थे। शनिवार सुबह अचानक बच्चे की तबियत खराब हो गई। परिजनों का आरोप है कि जब बच्चे को लेकर डॉक्टर व दाई के पास पहुंचे तो उन्होंने पैसे की मांग की। मना करने पर इलाज करने से इनकार कर दिया। इस बीच बच्चे की तबियत और खराब हो गई और देखते ही देखते उसने दम तोड़ दिया। परिजनों ने इसकी लिखित शिकायत जिला महिला अस्पताल के सीएमएस से की है।