- जिले में कई जगहों पर चले लाठी-डंडे फूटे सिर

- पीपीगंज-पिपराइच में पथराव, बांसगांव में थाने का घेराव

द्दह्रक्त्रन्य॥क्कक्त्र: होली के बहाने छेड़छाड़ को लेकर जिले में कई जगहों पर बवाल हुआ। नशे में हुड़दंगियों ने होली का माहौल बेरंग कर दिया। मारपीट पथराव में 40 से अधिक लोग घायल हो गए। महिला संग छेड़छाड़ से गुस्साई महिलाओं ने बांसगांव थाना का घेराव करके मुकदमा दर्ज करने की मांग उठाई। नशे में छेड़छाड़, बलवा फैलाने वालों के खिलाफ केस दर्ज करके पुलिस कार्रवाई में जुटी है।

10 रुपए के लिए भिड़े, नौ लोग घायल

खोराबार के कुसम्ही रेलवे गेट के पास पेट्रोल का 10 रुपए अधिक कीमत मांगने की बात पर दो पक्षों में विवाद हुआ। मोतीराम अड्डा निवासी संतोष कुमार और सुग्रीव कुमार बाइक से कुसम्ही की ओर जा रहे थे। अचानक उनकी बाइक का पेट्रोल खत्म हो गया। रेलवे गेट के पास दुकानदार हरी 10 रुपए प्रति लीटर ज्यादा रकम लेकर तेल बेच रहा था। अधिक रुपए के चक्कर में दोनों की दुकानदार से कहासुनी हो गई। मारपीट में दोनों पक्षों के नौ लोग घायल हो गए। इसी क्षेत्र के लहसड़ी में जबरन रंग लगाने के विवाद में प्रधान पति राजेश निषाद का सिर फट गया। 11 अन्य लोग घायल हो गए। पिपराइच के मोहनापुर में ब्रेकर पर बाइक लेकर गिरे युवकों के अपशब्द कहने पर दो पक्षों में मारपीट हो गई। इसमें छह से अधिक लोग घायल हो गए।

रंग के बहाने महिलाओं से छेड़छाड़ पर बवाल

पीपीगंज एरिया के नयसर में मनबढ़ों ने एक महिला को रंग लगाने की कोशिश की। इस बात को लेकर हुई मारपीट में कई लोग घायल हो गए। मनबढ़ों की हरकत से परेशान महिला ने एसएसपी को सूचना दी। इसके बाद पुलिस हरकत में आई। क्षेत्र में दो अन्य जगहों पर होली के विवाद में पांच लोग घायल हुए। उधर बांसगांव एरिया में मनबढ़ों ने महिला के साथ बदसलूकी की। शिकायत करने पर पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो महिलाएं थाने पर पहुंची। इसके अलावा आधा दर्जन से जगहों पर मारपीट में करीब 10 लोग घायल हुए।

होली पर बवाल की आशंका थी। इसको लेकर पुलिस पहले से अलर्ट थी। सूचना मिलने पर हर जगह फोर्स को भेजा गया था। मारपीट करने वाले, महिलाओं संग छेड़छाड़ और बदसलूकी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज, एसएसपी