- होली के दिन जिले में कई जगहों पर हुए विवाद

- गोला में चली गोली, पिपराइच में मनबढ़ों ने मचाया उत्पात

GORAKHPUR: होली को लेकर पहले से सतर्कता बरत रही पुलिस की सारी तैयारियां धरी रह गई। सोमवार को होली की खुमारी में जमकर बवाल हुए। जिले में कई जगहों पर मनबढ़ों ने जमकर उत्पात मचाया। गोला एरिया में युवक को गोली मारकर घायल कर दिया। पिपराइच एरिया में बाइक से मामूली टक्कर के बाद उत्पातियों ने कई लोगों को पीटा। घरों में घुसकर तोड़फोड़ करते हुए कई लोगों को घायल कर दिया। इसके अलावा जिले में कई जगहों पर विवाद हुए। होली पर हुए विवादों को काबू करने में पुलिस के पसीने छूट गए।

पुरानी बात पर दागी गोली

गोला एरिया के बाथबुजुर्ग गांव में पुरानी रंजिश का बदला होली के दिन लिया गया। मामूली बात को लेकर दो पक्षों में मारपीट हुई। एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर गोली दाग दी। गोली लगने से पूर्व प्रधान बैजनाथ सिंह का बेटा राहुल उर्फ विक्की घायल हो गया। पुलिस का कहना है कि प्रधानी चुनाव को लेकर दो पक्षों में रंजिश चल रही थी। सोमवार की दोपहर करीब तीन बजे दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद मामला बिगड़ गया। आरोप है कि इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने पूर्व प्रधान बैजनाथ के बेटे राहुल पर गोली चला दी। हमले में गंभीर रूप से घायल राहुल के भाई पीयूष की तहरीर पर प्रधान प्रतिनिधि जितेंद्र सिंह, सर्वेद्र तिवारी और रणजीत सिंह के खिलाफ पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया। हमले में इस्तेमाल असलहा भी पुलिस ने बरामद कर लिया है।

मारपीट में 32 घायल, 43 पर केस दर्ज

पिपराइच एरिया के जंगल सुभान अली बेलवा में सोमवार की दोपहर जमकर मारपीट हुई। दो गुटों के बीच संघर्ष की सूचना पर भारी पुलिस बल गांव में पहुंचा। मारपीट में 43 लोगों के खिलाफ केस दर्ज करके पुलिस कार्रवाई में जुटी है। बताया जाता है कि दोपहर करीब 12 बजे उनौला गांव का विशाल अपने दोस्त संग बाइक से बेलवा में पहुंचा। वह अपने रिश्तेदार से मिलने जा रहा था। दोनों युवक नशे में चूर थे। उनकी बाइक अनियंत्रित होने से एक किशोरी को टक्कर कर लग गई। लोगों ने उनको ठीक से बाइक चलाने को कहा तो दोनों तैश खा गए। इससे नाराज किसी व्यक्ति ने युवकों को थप्पड़ मार दिया। बाइक सवार युवक अपने रिश्तेदारों के पास पहुंचे। उन लोगों ने दूसरे गुट के लोगों पर मारपीट करने का आरोप लगाया। युवकों की ओर से जुटे 50 से अधिक लोगों ने दूसरे पक्ष के लोगों पर हमला बोल दिया। घरों पर चढ़कर ईट-पत्थर चलाने लगे। गांव में अफरा-तफरी मच गई। मनबढ़ों ने गांव की महिलाओं को जमकर पीटा। दो बाइक और दो साइकिलों को तोड़कर आग लगाने की कोशिश की। मारपीट में दूसरे पक्ष के 32 से अधिक लोग घायल हो गए। गांव में विवाद की सूचना पर पुलिस अधिकारी फोर्स के साथ पहुंचे। जंगल सुभान अली निवासी गब्बू लाल की तहरीर पर किशोर कुमार, महेंद्र निषाद, दुर्गविजय, किशुनदेव, जोगिंदर, इनरमल सहित 43 लोगों के खिलाफ केस दर्ज करके पुलिस जांच में जुटी है। उधर विशाल ने पुलिस को तहरीर देकर केस दर्ज करने की मांग की है। उसने पुलिस को बताया है कि उसके पक्ष के नौ लोगों को भी चोट लगी है।

खोराबार में मनबढ़ों का उत्पात

खोराबार एरिया के कई गांवों में भी होली के दिन मनबढ़ों ने जमकर उत्पात मचाया। मारपीट और तोड़फोड़ की घटना में 10 से अधिक लोग घायल हो गए। सोमवार को जंगल सिकरी में मनबढ़ों ने गांव के धर्मेद्र पर हमला बोल दिया। ईट और हॉकी, डंडों से उसकी पिटाई कर दी। इसी क्षेत्र के बुद्ध विहार पार्ट सी मोहल्ले में डॉक्टर अभिषेक कुमार दुबे के घर पर चढ़कर मनबढ़ों ने उत्पात मचाया। सोमवार को वह अपने आवास पर होली खेल रहे थे। तभी चार-पांच युवकों ने धावा बोल दिया। मारपीट और चाकू के हमले में डॉ। अभिषेक, उनके परिचित नीतेश, जयंत, अनूप सहित कई लोग घायल हो गए। इसी क्षेत्र के डुहिया गांव में अराजकतत्वों ने महिलाओं से छेड़छाड़ की। विरोध जताने पर कई महिलाओं को पीटकर घायल कर दिया। उनके घरों में घुसकर तोड़फोड़ की। एक बाइक लेकर फरार हो गए। सोमवार को डुहिया गांव में कुछ युवक पहुंचे। उन लोगों ने महिलाओं से बदसलूकी शुरू कर दी। लोगों ने बीच बचाव किया तो मारपीट करने लगे। गांव की गुड्डी देवी के घर में तोड़फोड़ की। मारपीट में संजय, संदीप, दुर्गेश सहित कई लोग घायल हओ गए। इसी क्षेत्र के कजाकपुर में मनबढ़ओँ ने रामपुर निवासी कौशल चौधरी और शिवदास चौधरी पर हमला करके घायल कर दिया।

गगहा में स्कूल बना निशाना

गगहा एरिया में भी होली के दिन जमकर विवाद हुए। होली के हुड़दंग में मनबढ़ों ने ओपी ममोरियल पब्लिक स्कूल रकहट में जमकर बवाल काटा। मनबढ़ों ने स्कूल में खड़े वाहनों में तोड़फोड़ की। स्कूल में शराब पीने से मना करने पर टीचर वसीउल्लाह को पीट कर घायल कर दिया। स्कूल में लगी एस्बेस्टेस की छत तोड़ डाली। इसी क्षेत्र के भैंसहा गांव में सोमवार की दोपहर नाचने-गाने के विवाद में दो पक्ष भिड़ गए। भैंसहा निवासी विशाल सिंह के दरवाजे पर कुछ लड़के डांस कर रहे थे। तभी गांव के युवकों का दूसरा गुट पहुंच गया। नाचने की बात पर दोनों गुटों में मारपीट हो गई। घटना में विशाल सिंह सहित करीब छह लोग घायल हो गए। उधर बड़गों गांव में सोमवार को सूरज और नंदू यादव के परिवार में मारपीट हुई। आरोप है कि सूरज के पक्ष में जुटे लोगों ने गांव के नंदू और उसकी पत्नी मीरा की पिटाई कर दी।

पीपीगंज में होली की शाम खराब

पीपीगंज एरिया के बनकटवा में दो पक्षों के बीच मारपीट हुई। सोमवार की शाम पांच बजे लाठी चलने पर दोनों पक्षों के तीन लोग घायल हो गए। उधर रविवार की रात होलिका दहन के दौरान बरघट्टा गांव में विवाद हो गया। गांव का रामू होलिका दहन कराने गया था। तभी कहासुनी होने पर गांव के रामप्रीत, रामस्वरूप, दीपक, दूधनाथ ने उसे लाठी से पीट दिया।