-सेनानायक ने शुरू कराई घटना की जांच

-ड्यूटी लगने की बात पर हुआ था विवाद

GORAKHPUR: शाहपुर एरिया के जंगल तुलसीराम बिछिया स्थित 26वीं वाहिनी पीएसी कैंपस में बुधवार रात दो जवानों के बीच जमकर मारपीट हुई। बैरक में अन्य जवानों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। पीएससी सेनानायक हेमराज मीणा ने मामले की जांच का निर्देश दिया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। ड्यूटी लगाने की बात पर दोनों जवानों के बीच विवाद हुआ था। दोनों जवानों पर अनुशासनहीनता की गाज गिर सकती है।

ड्यूटी लगाने की बात पर हुआ विवाद

पीएसी के डी कंपनी में तैनात मेजर मदनलाल जवानों की ड्यूटी लगाते हैं। बुधवार रात हेड कांस्टेबल छोटे लाल तिवारी उनके पास पहुंचा। ड्यूटी लगने की बात पर मदनलाल से कहासुनी हो गई। बात बढ़ने पर मारपीट होने लगी। मदनलाल की आंख और कंधे में चोट लगी। उनका सिर फूटने से खून बह निकला। बैरक में मौजूद दूसरे जवानों ने बीच बचाव कर किसी तरह से मामला शांत कराया। सीनियर आफिसर्स को मामले की जानकारी दी गई। घायल मदनलाल को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि प्राथमिक उपचार के बाद उनको छुट्टी मिल गई। घटना की जानकारी होने पर सेनानायक ने जांच का निर्देश दिया। उप सेनानायक ने बैरक में मौजूद रहे जवानों का बयान लिया।

वर्जन

मारपीट के घटना की जांच की जा रही है। अनुशासनहीनता करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उप सेनानायक की रिपोर्ट पर कार्रवाई की जाएगी।

हेमराज मीणा, सेनानायक, 26वीं वाहिनी पीएसी