- संतकबीर नगर और गोरखपुर जिले के किन्नरों में हुआ विवाद

- पंचायत में फैसला, विवाद का हल निकालने तक बंद रहेगी वसूली

SAHJANWA: सहजनवां तहसील क्षेत्र में सीमा विवाद को लेकर अक्सर गोरखपुर और संत कबीरनगर जिले के किन्नरों में विवाद होता रहा है। सोमवार को एक बार फिर दोनों जिलों के किन्नर आमने-सामने हो गए। मामला थाने तक पहुंच गया। इसके बाद दोनों तरफ से किन्नरों के हेड पहुंचे और थाने में ही घंटों पंचायत हुई। तय हुआ कि एरिया का विवाद सुलझने तक दोनों तरफ से वसूली बंद रहेगी।

पुराना है विवाद

सहजनवां क्षेत्र में दोनों जिला की सीमा है। इसके चलते कई बार संतकबीरनगर जिले के किन्नर गोरखपुर के एरिया में चले आते हैं और इधर के किन्नर उधर चले जाते हैं। जिसको लेकर हमेशा तनाव बना रहता है। अभी मई माह में ही भीटी रावत चौराहे पर दोनों जिलों के किन्नरों की भिड़ंत हो गई थी। एक पक्ष की तरफ से तहरीर देकर थाने पर प्रदर्शन भी किया गया था लेकिन तब पुलिस ने केस दर्ज नहीं किया। पुलिस ने किसी तरह मामला खत्म करा दिया।

फिर हुए आमने-सामने

सोमवार को संतकबीर नगर के किन्नर प्रिया, राज कुमारी, खुशबू, मुस्कान और स्वीटी नगर पंचायत के काली मंदिर एरिया निवासी एक व्यक्ति के घर बधाई गाने आए थे। इसी बीच गोरखपुर के किन्नर बिपाशा, चंद्रमुखी, माया और शांति भी उधर से जाने लगे। दूसरे किन्नरों को जाते देख संतकबीर नगर के किन्नरों ने उन्हें घेर लिया। अपना-अपना एरिया बताते हुए दोनों तरफ के किन्नर भिड़ गए। इससे रोड पर जाम लग गया। जाम लगने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को लेकर थाने ले आई। इधर दोनों ने अपने-अपने गुरु को बुला लिया।

हुई पंचायत

प्रेमा किन्नर ने दोनों तरफ के किन्नरों के बीच मध्यस्थता कराई। पहल पर संतकबीर नगर की ओर से मुमताज और गोरखपुर के किन्नरों की ओर से शोभा के बीच पंचायत हुई। थाने पर हुई पंचायत में तय हुआ कि क्षेत्र का विवाद निबटने तक दोनों तरफ के किन्नर एरिया में वसूली नहीं करेंगे। जिन एरियाज पर विवाद है, उन एरियाज में कोई किन्नर दिखाई नहीं देगा। इस पर दोनों पक्षों की सहमति बनने के बाद विवाद खत्म हुआ।