- नशे में धुत दरोगा, सिपाहियों ने बरसाई लाठियां

- पश्चिमी चौराहे पर जाम छुड़वाने पहुंची थी पुलिस

GORAKHPUR:

गोला कस्बे में शनिवार को जाम लगने पर बिफरी पुलिस ने युवक को जमकर पीटा। आरोप है कि मामूली बात को लेकर नशे में धुत दरोगा और सिपाहियों ने युवक पर खूब लाठियां बरसाई। युवक की पिटाई का पब्लिक ने विरोध जताया तो पुलिस वाले भाग खड़े हुए। आरोप है कि युवक को सड़क पर घसीटकर पीटा गया। इस दौरान कवरेज करने पहुंचे मीडिया कर्मचारियों से भी पुलिस ने बदसलूकी की। घटना से क्षेत्र में काफी देर तक अफरा-तफरी मची रही।

छठ पूजा की खरीदारी से लगा था जाम

गोला कस्बे में शनिवार को छठ पूजा के लिए सामान खरीदने वालों की भीड़ उमड़ी थी। दोपहर बाद पश्चिमी चौराहे पर जाम लग गया। किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दी। जाम हटाने के लिए पुलिस ने राहगीरों पर लाठियां चलानी शुरू कर दी। भीड़ में मौजूद रानीपुर गांव के सन्नी ने पुलिस की हरकतों का विरोध किया। इसको लेकर दरोगा श्याम बहादुर और सिपाही रमाशंकर से उसकी कहासुनी हो गई। दरोगा और सिपाही ने युवक की पिटाई शुरू कर दी।

कहासुनी पर कर दी पिटाई

दरोगा और सिपाही के हाथ उठाते ही अन्य पुलिस वाले भी युवक पर टूट पड़े। उसकी जमकर पिटाई शुरू कर दी। पब्लिक के लोगों पर लाठियां बरसाने लगे। इससे चौराहे पर भगदड़ मच गई। कुछ लोगों ने पुलिस की हरकतों का वीडियो बनाने का प्रयास किया तो सिपाहियों ने पीटकर मोबाइल छीन लिया। पुलिसवालों से बवाल की सूचना अन्य लोग जुटे तो दरोगा-सिपाही भाग खड़े हुए। लोगों का कहना है कि नशे में धुत एक सिपाही चौराहे पर ड्यूटी करता है। वह अक्सर लोगों से उलझ जाता है। उसकी गलती से विवाद बढ़ गया। लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन के दौरान उसी सिपाही से विवाद हुआ था। इस वजह से वह खार खाया था।