GORAKHPUR: बीआरडी मेडिकल कालेज में बवाल थमने का नाम नहीं ले रहा है। मेडिकल कॉलेज में जच्चा-बच्चा की मौत के बाद हंगामा हुआ। लापरवाही का आरोप लगाने पर डॉक्टरों ने महिला के परिजनों को पीट दिया। महिला के पति ने गुलरिहा पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है। देवरिया, भटनी, बांसघाटी निवासी सतवान की पत्‍‌नी रीमा प्रिगनेंट थी। प्रसव पीड़ा होने पर 11 सितंबर को वह पत्नी को लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे। कमरा नंबर 15 में भर्ती महिला को चेकअप के लिए डॉक्टर ने लेबर रूम में बुला लिया। शाम करीब छह बजे महिला ने बच्चे को जन्म दिया। लेकिन कुछ देर बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कुछ देर बाद महिला की मौत हो गई। महिला की मौत से परिजन बिफर गए। लोगों ने लापरवाही का आरोप डॉक्टरों पर लगाया। इससे गुस्साए डॉक्टरों ने परिजनों की पिटाई कर दी। सतवान का कहना है कि उससे बाहर की दवाएं मंगाई गई। हालत बिगड़ने पर पत्‍‌नी से मिलने नहीं दिया गया। मौत की सूचना मंगलवार की भोर में चार बजे दी गई। सतवान की तहरीर पर पुलिस जांच में जुटी है।