- बीआरडी मेडिकल कॉलेज का मामला

- फैमिली मेंबर्स ने डॉक्टर्स पर लगाया लापरवाही का आरोप

GORAKHPUR: बीआरडी मेडिकल कॉलेज में एक मरीज की मौत के बाद तीमारदारों ने जमकर हंगामा किया। फैमिली मेंबर्स ने डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाया तो जूनियर डॉक्टर्स ने उनके साथ नोक-झोंक की। डॉक्टर्स की सूचना पर पहुंची पुलिस ने फैमिली मेंबर्स को समझा बुझाकर मामले को शांत करवाया। इस दौरान करीब दो घंटे तक वार्ड के बाहर बवाल चलता रहा।

डॉक्टर्स से उलझ गए परिजन

देवरिया के गौरीबाजार के रहने वाले रवींद्र की 16 वर्षीय पुत्री गोलू की आंत में दिक्कत थी। देवरिया जिला अस्पताल से रेफर होकर वह चार दिन पहले बीआरडी में एडमिट हुई थी। डॉक्टर्स ने जांच के बाद मरीज को ट्रामा सेंटर में एडमिट कर दिया। रविवार की सुबह 10.30 बजे उसे ट्रामा सेंटर से महिला सर्जरी वार्ड में शिफ्ट किया। जहां आधे घंटे के बाद ही उसकी मौत हो गई। जिसके बाद फैमिली मेंबर्स ने हंगामा शुरू कर दिया। उनका कहना था कि गंभीर मरीज को ट्रामा सेंटर से हटा दिया गया, जिसकी वजह से उसकी मौत हो गई। चार दिन के इलाज से उसकी सेहत में सुधार हो गया था। फैमिली मेंबर्स डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे। इसी बीच उधर से गुजर रहे जूनियर डॉक्टर्स से बातचीत के बाद उलझ गए। डॉक्टर्स ने इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने आधे घंटे की मशक्कत के बाद मामले को शांत करवाया। इसके बाद फैमिली मेंबर्स डेड बॉडी लेकर घर लौट गए।