-गांधी जयंती पर इस बार परिषदीय स्कूलों में विशेष कार्यक्रम के आयोजन की है तैयारी

-स्कूलों में गांधी जयंती पर स्वच्छता कार्यक्रम पर रहेगा अधिक फोकस

ALLAHABAD: सूबे के परिषदीय स्कूलों में गांधी जयंती इस बार विशेष तरीके से मनाने की तैयारी है। गांधी जयंती के अवसर पर परिषदीय स्कूलों में इस बार राष्ट्रीय नई तालीम सप्ताह का आयोजन किया गया। जबकि दो अक्टूबर यानी गांधी जयंती के दिन नई तालीम दिवस के रूप में मनाए जाने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में जिले के स्कूलों में गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम के लिए निर्देश जारी किए गए। जबकि ज्यूतिया (जिवित्पुत्रिका व्रत) पर्व होने के कारण बड़ी संख्या में महिला शिक्षिकाओं ने छुट्टी की अर्जी लगाई थी। इसे देखते हुए अधिकारियों का कहना है कि राष्ट्रीय पर्व पर सभी टीचर्स की उपस्थिति अनिवार्य है। शिक्षिकाओं को निर्देश दिया गया है कि वह पहले कार्यक्रम में शामिल हों, उसके बाद पर्व मनाएं। गांधी जयंती के साथ ही पूर्व प्रधानमंत्री लालबहादुर शास्त्री के जन्म दिवस मनाने का भी निर्देश दिया गया है।

प्रभातफेरी से होगी शुरुआत

गांधी जयंती पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम की शुरुआत सभी स्कूलों में प्रभात फेरी से होगी। अपर जिलाधिकारी नगर की ओर से निर्देश दिया गया है कि सुबह छह बजे से साढ़े सात बजे तक सभी स्कूलों में प्रभातफेरी निकाली जाएगी। इसके बाद सुबह आठ बजे स्कूलों में ध्वजारोहण होगा। इसके बाद साढ़े आठ बजे से स्कूलों में गांधी जी के विचार और दर्शन व गांधीवाद के संबंध में निर्धारित विषयों पर वाद विवाद प्रतियोगिता, निबंध लेखन, खेल-कूद, पौधरोपण आदि कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही गांधी जी के प्रिय भजनों की प्रस्तुति भी की जाएगी। ताकि बच्चे गांधी जी के विचार और उनके सिद्धांत को समझ सकें और उसे अपने जीवन में समाहित कर सकें।

वर्जन

गांधी जयंती राष्ट्रीय पर्व है। ऐसे में स्कूलों में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में सभी टीचर्स की उपस्थिति अनिवार्य है। जहां तक पर्व और व्रत का सवाल है तो कार्यक्रम के बाद टीचर्स उसे मनाए।

-ज्योति शुक्ला

नगर शिक्षा अधिकारी