-गणेश उत्सव समिति ने सिविल लाइंस से निकाली शोभायात्रा, महापौर ने पूजन कर किया शुभारंभ

-मराठा बुलियन की शोभायात्रा साहूकारा, बड़ा बाजार, कुतुबखाना होकर निकाली गई

BAREILLY :

गणेश चतुर्थी के उपलक्ष्य में मनाया जाना वाला गणेश महोत्सव शहर में कई जगह प्रतिमा स्थापना के साथ थर्सडे को शुरू हो गया। शहर भर में कई जगह सजे पूजा पांडालों में विधि विधान से पूजा अर्चना के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी शुरू हो गए। प्रतिमा स्थापना से पहले शहर में कई जगह शोभायात्राएं भी निकाली गईं। गणेश महोत्सव आयोजन समिति, बन्नूवाल जन कल्याण समिति, महर्षि वाल्मीकि आश्रम प्राचीन मां काली मंदिर, शिव शक्ति दुर्गा धाम मंदिर, मनकामेश्वर मंदिर में भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित की गई। इससे पहले कलश यात्रा और शोभायात्रा का भी आयोजन किया गया। शाम को भजन संध्या और आरती के बाद विराम दिया गया। 13 सितम्बर से 19 सितम्बर तक चलने वाले गणेशोत्सव में प्रतिदिन अलग-अलग कार्यक्रम भ्ाी होंगे।

गणपति को चढ़ाई दूब घास की माला

मराठा बुलियन एसोसिएशन श्री गणेश सेवा समिति की ओर से आलमगिरि गंज स्थित श्री बाबूराम धर्मशाला में गणेश महोत्सव का शुभारंभ हुआ। देशभक्ति से ओतप्रोत तिरंगे पांडाल में गणेश जी की प्रतिमा स्थापित की गई है। विधि विधान से पूजा अर्चना करके गणेश जी को दूब घास की माला अर्पित की गई। वरिष्ठ उपाध्यक्ष दशरथ घाडगे, संगठन मंत्री आप्पासो मोरे, संगठन मंत्री प्रमोद पाटिल, संस्थापक अनिल पाटिल ने बताया कि घास की माला चढ़ाने से गणेश जी महाराज प्रसन्न होते हैं। शिव कुमार बरतरिया ने कहा कि गणपति जी हमें हर वर्ष भान कराते हैं कि हमें अपने माता-पिता का वंदन करना चाहिए, क्योंकि माता-पिता सर्वोपरि हैं। निमित गोयल ने बताया कि महाजलाभिषेक पूजन होगा। 13 सितम्बर से 19 सितम्बर तक चलने वाले कार्यक्रम में डेली शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। आयोजन में अनिल शर्मा, कुंवर सुभाष पटेल, गुलशन आंनद, गौरी शंकर, विष्णु अग्रवाल, उमंग शंखधार, विशाल निकम, नवनाथ सांवत आदि ने सहयोग किया।

स्थापना से पहले निकाली स्वागत यात्रा

श्री शिव शक्ति दुर्गा जी धाम मंदिर चौक बिहारीपुर खत्रियान में श्री गणेश महोत्सव का शुभारंभ हुआ। सात दिन तक चलने वाले कार्यक्रम से पहले गणपति, रिद्धि और सिद्धि की शोभायात्रा निकाली गई। अलखनाथ मंदिर के महंत ने शोभायात्रा का शुभारंभ किया। यात्रा के विश्राम के बाद मंदिर में बने पांडाल में सात फीट ऊंची गणपति जी की प्रतिमा स्थापित की गई। पंडित ने विधि विधान से पूजन कराया। भक्तों को छोटी मूर्तियां बांटी गईं।

शोभायात्रा निकालकर स्थापित किए गणपति

गणेश महोत्सव आयोजन प्रबंध समिति राजेंद्र नगर की ओर से शील चौराहा पर तीन दिवसीय कार्यक्रम के तहत भगवान गणेश की सात फुट ऊंची प्रतिमा स्थापित की गई। इससे पहले 35 किलो लड्डू की यात्रा निकाली गई। इसके बाद विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई। इस मौके पर संयोजक अभय भटनागर, अनिल कुमार, सीए राजेन विद्यार्थी, मीडिया प्रभारी तरुण सक्सेना, भारत भूषण शील और मोहित आदि मौजूद रहे।

रघुनाथ जी मंदिर में विराजे गणपति

बिहारीपुर स्थित मंदिर श्री रघुनाथ जी में बाजे गाजे के साथ गणेश प्रतिमा की स्थापना की गई। जिला ब्राह्माण सभा की ओर से हुए कार्यक्रम में पूजा अर्चना संपन्न कराई। कई दिनों तक चलने वाले कार्यक्रम में रोजाना विशेष आरती और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।