पंडालों में विधि विधान के साथ आज होगी गणपति की मूर्ति स्थापना

ALLAHABAD: सनातन धर्म में किसी भी पूजन में सर्व प्रथम विघ्न विनाशक भगवान श्री गणेश की पूजा का विधान है। भाद्रपद शुक्लपक्ष की चतुर्थी को भगवान गणेश के आगमन का समय माना जाता है। रविवार को सिटी में गणेश पूजा के लिए बने पंडालों में तैयारियां अंतिम चरण में रहीं। सोमवार को ढोल-नगाड़ों की थाप के बीच गणेश प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी। मंत्रोच्चार के बीच उनका पूजन-अर्चन किया जाएगा। इसके लिए सिविल लाइंस, कटरा, कीडगंज, बैरहना, राजरूपपुर, करेलाबाग, नैनी, डांडी आदि मोहल्लों में गणेशोत्सव के लिए पंडाल बने हैं।

15 सितंबर तक आयोजन

श्रीगणपति महोत्सव एवं शोभायात्रा समिति द्वारा करैलाबाग कालोनी में अखिलेश सहाय के नेतृत्व में प्रतिमा स्थापित की जाएगी। यहां 15 सितंबर तक चलने वाले महोत्सव में प्रतिदिन पूजन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। सिद्धि विनायक कमेटी डांडी बाजार में गणेश महोत्सव का भव्य आयोजन करा रही है। संयोजक बब्बन दुबे, रूपेश दुआ, ज्ञान सिंह, गुड्डू ने बताया कि सोमवार को गणपति की प्रतिमा स्थापित कर अनुष्ठान किया जाएगा। सार्वजनिक गणेश महोत्सव पुराना कटरा संयोजक आशीष पांडेय ने बताया कि पांच दिवसीय गणेश महोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। सोमवार को राजा गणपति की मूर्ति स्थापित कर भजन-कीर्तन का आयोजन होगा। महाराष्ट्र लोकसेवा मंडल गणेश महोत्सव में सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं भी आयोजित कराएगा। संयोजक सतीश पुराणिक व विजय सतभाई ने बताया कि 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए 'सोशल मीडिया असामाजिक हो गया है' विषयक 18वीं श्री बीजी खेर स्मारक वाद-विवाद प्रतियोगिता होगी। जार्जटाउन में कोआपरेटिव बैंक चौराहा के पास दीपक यादव के नेतृत्व में भव्य गणेश पूजा की तैयारी की गई है।