GORAKHPUR:

केस एक:

18 सितंबर 2017 को पिपराइच एरिया के रमवापुर में अजमत अली के घर में धावा बोला। घर की दीवार से एक ईट निकालकर बदमाशों ने कमरे में केमिकल स्प्रे कर दिया। स्पे्र से परिवार के सदस्य अचेत हो गए। उनके अचेत होते ही बदमाश नकदी और गहने लेकर फरार हो गए। होश में आने पर लोगों को घटना की जानकारी हुई।

 

केस दो:

31 जुलाई 2017 को खोराबार एरिया के कुसम्ही बाजार में एक मैरेज हाल में स्प्रे मारकर बदमाशों ने गहने चुरा लिए थे। कमरे में सो रही महिला को अचेत करके बदमाश दो लाख रुपए के गहने समेट ले गए थे। तब शिकायत दर्ज कराने पर पुलिस ने मामले को मामूली चोरी में दर्ज किया था।

 

ये वारदातें यह बताने के लिए काफी हैं कि मुंबई, दिल्ली, कानपुर, लखनऊ और पटना के बाद शहर में स्प्रे गैंग ने दस्तक दे दी है। यह भी हो सकता है कि कोई लोकल गैंग बाहरी बदमाशों की तर्ज पर वारदातों को अंजाम दे रहा हो। लेकिन परिस्थितियां बताती हैं कि सजग न रहने पर कभी भी बदमाश निशाना बनाकर लूटपाट कर सकते हैं। अन्य जगहों पर हुई घटनाओं से सबक लेते हुए पब्लिक के साथ-साथ पुलिस को भी अलर्ट रहना होगा। यहां बता दें कि त्योहारी सीजन में जालसाज, उचक्के, कारों का शीशा तोड़कर और देवी-देवताओं के नाम पर ठगी करने वाले सक्रिय हो जाते हैं। जो लोगों राह चलते आसानी से शिकार बनाकर फरार हो जाते हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ऐसे लोगों से बचने के लिए सतर्कता बहुत जरूरी है।

 

इस तरह से बनाते शिकार

- त्योहारी सीजन में केमिकल स्प्रे करके लोगों के घरों में लूटपाट करते हैं।

- सड़क पर रुपए गिराकर झांसा देते हुए सामान, नकदी लेकर फरार हो जाते हैं।

- देवी, देवताओं के दर्शन करने के नाम पर जालसाज राह चलते ठगी करते हैं।

- मार्केट में एक्टिव बदमाश कारों को शीशे तोड़कर सामान, नकदी गायब कर देते हैं।

- खाने-पीने का सामान मांगने, भीख मांगने के बहाने भी बदमाश शिकार बनाते हैं।

 

सुरक्षा के लिए बरतें ये सावधानी

- राह चलते समय किसी अंजान की बातों में न आएं।

- किसी संदिग्ध व्यक्ति के दरवाजा नॉक करने पर गेट न खोलें।

- रास्ते रुपए दो गुना करने, देवी-देवताओं के दर्शन कराने वालों से बचें।

- घर में खिड़की और दरवाजे ठीक से बंद रखें। किसी आशंका पर पुलिस को सूचना दें।

- रुपए गिरने की बात कहकर झांसे में लेने वालों से बचें, उनकी बातों में न आएं।

- कार में कीमती सामान और गहने न छोड़े। सामान होने की दशा में निगरानी करें।

- घर को सीसीटीवी सर्विलांस से लैस करें, कालोनी में प्राइवेट सुरक्षा गार्ड तैनात करें।

 

 

स्प्रे मारकर अचेत करने के बाद लूटपाट करने की घटनाएं कई शहरों में हो चुकी हैं। इसलिए बेहद ही सतर्क रहने की जरूरत है। ऐसा मामला सामने आने पर पुलिस कार्रवाई करेगी।

आलोक शर्मा, एसपी क्राइम