RANCHI : वह गांव में हो रहे एक शादी में शरीक हुई। शादी समारोह में सभी नाच-गा रहे थे। लोगों को नाचते देख वह भी नाचने लगी। पर, उस पर कुछ लोगों की गलत निगाह थी। नाचते-नाचते नाबालिग (13 वर्ष)को तीन आरोपियों ने अपने कब्जे में कर लिया। इसके बाद वे उसे खेत में ले गए और बारी-बारी से उसके साथ गैंग रेप किया। यह घटना बेड़ो थाना के कादोजोरा गांव की है। पुलिस ने गैंग रेप के इस मामले में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि नाबालिग का मेडिकल चेकअप सदर हॉस्पिटल में कराया गया।

जान से मार देने की धमकी

बेड़ो डीएसपी अजीत कुमार सिन्हा ने बताया कि मंगलवार की रात बेड़ो के कादोजोरा गांव में एक युवक की शादी हो रही थी। इस शादी में नाबालिग भी शामिल हुई थी। इसी क्रम में रात 12 बजे के करीब गांव के तीन युवकों कार्तिक मुंडा, मनोज मुंडा तथा ईश्वर उसे जबरन खेत की ओर ले गए। नाबालिग ने बचाव में शोर मचाना चाहा तो उनलोगों ने उसका मुंह दबा दिया। रात भर वह उनके कब्जे में रही। आरोपियों में दूल्हा का भाई मनोज मुंडा भी शामिल था। उनलोगों ने छात्रा को धमकी दी कि यदि इसकी जानकारी किसी को दी तो जान से मार डालेंगे.सुबह में नाबालिग छात्रा ने परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही बेड़ो थाना पुलिस ने पहले तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।

नाबालिगों के साथ पहले भी हो चुका है गैंग रेप

फरवरी 2017

डोरंडा में नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में पुलिस ने आरोपी ब्रजेश गोप को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।

मई 2016

पिस्का नगड़ी में एक स्कूल में अंग्रेजी के शिक्षक रवि कुमार ने सातवीं कक्षा की छात्रा से दुष्कर्म किया था।

मार्च 2016

सदर थाना क्षेत्र के कोकर में चार वर्षीय एक बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना हुई थी। आरोपी भी नाबालिग था।