- सुबह से ही श्रद्धालुओं का लगा रहा तांता

BAREILLY:

गंगा दशहरा शुक्रवार को श्रद्धालुओं ने पूरी श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया। रामगंगा घाट पर गंदगी और बदइंतजामी के बीच ही श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाकर गंगा स्नान कर दान पुण्य किया। इस दिन गंगा स्नान हजारों पुण्य के बराबर था, इसी को ध्यान में रखते हुए आसपास के जिलों से भी तमाम लोग रामगंगा घाट पर स्नान करने पहुंचे थे। लोगों ने गंदे पानी में ही स्नान करना पड़ा। पूजा आदि करके लोगों ने दान पुण्य किया।

घाट साफ नहीं जल भी काला

21 से 23 जून तक चलने वाले गंगा दशहरा मेला में हजारों श्रद्धालुओं के रामगंगा तट पर आने की उम्मीद होने के बाद भी घाट की साफ-सफाई अच्छे से नहीं की गई थी। यहां जगह-जगह कूड़े का ढेर पड़ा दिखा। वहीं रामगंगा नदी का जल गंदगी, नाला का पानी गिरने के कारण पूरी तरह से काला पड़ गया है। जो कि शुक्रवार को गंगा दशहरा पर देखने को मिला। काला डैम से पानी छोड़े जाने के बाद भी नदी का जल साफ नहीं हो सका था। फिर भी आस्था के आगे श्रद्धालुओं ने रामगंगा नदी में श्रद्धाभाव के साथ डुबकी लगाई।

रामगंगा तट पर कराए बच्चों के मुंडन

पर्व की महत्ता को समझते हुए लोगों ने न केवल स्नान किया। बल्कि, अपने बच्चों के मुंडन भी कराए। वहीं कई सामाजिक संस्थाओं व संगठनों ने प्याऊ और शरबत के स्टॉल लगा रखे थे। शहर से लेकर बदायूं रोड तक तमाम लोग शरबत और ठंडा पानी पिलाते नजर आए। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए नदी में भी बैरिकेडिंग की गई थी। वहीं काफी संख्या में फोर्स तैनात रही।