गंगा-यमुना में उफान, कछार की बस्तियों में घुसा पानी

प्रशासन एलर्ट, दस दिन तक जलस्तर में बढ़ोतरी रहने की संभावना

ALLAHABAD: एक सप्ताह की स्थिरता के बाद एक बार फिर गंगा-यमुना नदी उफान पर है। डेंजर लेवल अभी करीब तीन मीटर दूर है, लेकिन कछार एरिया में लहरों ने कहर मचाना शुरू कर दिया है। रविवार को दारागंज से सटे कछार के बस्तियों तक पानी पहुंच गया। करीब एक दर्जन से अधिक कच्चे मकान पानी से घिर गए। बढ़ाव अगर इसी तरह जारी रहा तो आबादी क्षेत्र में पानी पहुंचने में देर नहीं लगेगा।

शहर की ओर बढ़ा खतरा

बाढ़ का खतरा लगातार बना हुआ है। शनिवार को एक बार फिर नदियों ने रफ्तार पकड़ी तो रविवार को भी रफ्तार जारी रही, जिससे जिला प्रशासन के होश उड़ गए। माना जा रहा है कि अगले दस दिन तक लगातार गंगा-यमुना का जलस्तर बढ़ सकता है। इसे लेकर एलर्ट प्रशासन ने संगम पर निगरानी बढ़ा दी है। आसपास के घाटों पर उमड़ने वाली स्नानार्थियों की भीड़ के मद्देनजर जल पुलिस को तैनात किया गया है।

सहायक नदियों के पानी से उफान

तीन दिन पहले तक यमुना का जलस्तर घट रहा था, गंगा स्थिर थी। शुक्रवार से यमुना का जलस्तर बढ़ा और शनिवार को कुल 48 सेमी की वृद्धि महज 15 घंटे में दर्ज की गई। रविवार को नौ घंटे में गंगा में 18 सेंटीमीटर और यमुना में तीस व 33 सेंटीमीटर बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। अचानक आए उफान से अधिकारियों के होश उड़ गए हैं। बताया जा रहा है कि मध्य प्रदेश के केन, बेतवा, चंबल से आने वाला पानी यमुना के जलस्तर को बढ़ाने में सहायक साबित हो रहा है। यह स्थिति आगे भी बनी रहेगी। रविवार की देर शाम तक गंगा का जलस्तर बांध रोड के बिल्कुल समीप तक पहुंच गया था। खतरे की आशंका को देखते हुए प्रशासन भी अलर्ट हो गया है। संगम व आसपास के घाटों पर जल पुलिस की तैनाती कर दी गई है जो 24 घंटे श्रद्धालुओं की चहलकदमी पर नजर रख रहे हैं। उधर, एक बार फिर गंगा संगम स्थित बड़े हनुमान मंदिर की ओर तेजी से बढ़ रही हैं। भविष्य में ऐसे ही जलस्तर बढ़ता रहा तो बजरंग बली को गंगा स्नान करने में ज्यादा समय नहीं लगेगा। जिसको लेकर श्रद्धालुओं में भी उत्साह देखा जा रहा है।

उत्तराखंड में तेज बारिश के बाद नरौरा से छोड़े गए पानी की वजह से गंगा का जलस्तर बढ़ रहा है। इसी तरह मप्र की सहायक नदियों का पानी भी यमुना में उफान का कारण बना हुआ है। आने वाले दस दिनों तक नदियों का जलस्तर निरंतर बढ़ने की संभावना है।

मनोज सिंह, अधिशासी अभियंता, सिचाई विभाग बाढ़ प्रखंड

रविवार को जलस्तर पर नजर

डेंजर जोन--84.734 मीटर

फाफामऊ--80.81 मीटर

छतनाग --79.48 मीटर

नैनी--80.23 मीटर

शाम को हुई झमाझम बारिश

नदियों के जल स्तर में तेजी से उफान के बीच रविवार शाम हो हुई झमाझम बारिश ने शहर वालों की चिंता को और बढ़ा दिया। बारिश थोड़े देर के लिए ही हुई, लेकिन इतनी तेजी से हुई की शहर की सड़कें लबालब हो गई। बारिश ने नागपंचमी पर गुडि़या तालाब व बलुआघाट के पास लगे मेले में खलल डाला। यहां अफरा-तफरी मच गई।