-दारागंज थाना में नहीं हुई सुनवाई, कोर्ट के आदेश पर दर्ज किया गया केस

prayagraj@inext.co.in

PRAYAGRAJ: दारागंज क्षेत्र में 16 वर्षीय किशोरी से गैंगरेप और परिवार को धमकाने का मामला सामने आया है। थाने और पुलिस अधिकारियों के यहां सुनवाई न होने पर पीडि़त परिवार ने कोर्ट की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर पुलिस केस दर्ज कर जांच में जुटी है। मामले में पुरा पड़ाईन निवासी नंदन यादव व तीन अज्ञात को आरोपी बनाया गया है।

दारागंज क्षेत्र निवासी रिक्शा चालक की 16 वर्षीय बेटी शौच के लिए घर से कुछ दूर गई थी। उधर, नंदन यादव तीन साथियों के साथ पहले से खड़ा था। किशोरी को अकेला देख आरोपितों ने घेर लिया और तमंचा के बल पर मुंह दबाकर एकांत में ले गए। इसके बाद सभी ने बारी-बारी से दुष्कर्म किया। घर लौट कर किशोरी ने इसकी जानकारी परिवार वालों को दी। परिवार के लोग उसे लेकर थाने गए। पुलिस ने थाने से भगा दिया। तब वे अधिकारियों के यहां गए, लेकिन वहां भी सुनवाई नहीं हुई। इसी बीच आरोपितों ने दूसरी बार किशोरी को तमंचा सटाकर गैंगरेप कर दिया। यही नहीं उसे अब थाने जाने पर परिवार समेत जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस से भरोसा उठने के बाद पीडि़त ने कोर्ट का सहारा लिया। कोर्ट आदेश पर पुलिस ने एक नामजद समेत तीन अज्ञात के खिलाफ कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

तहरीर के आधार पर नंदन यादव समेत तीन अज्ञात के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है। जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार किया जाएगा। फिलहाल आरोपित घर छोड़कर फरार हैं।

विनित सिंह, इंस्पेक्टर, दारागंज थाना