- बेस्ट सुझाव देने वाले को मिलेगा कैश गिफ्ट

- गंजिंग कार्निवाल में तीन फूड जोन बनेंगे

- फ्री पार्किग संग फ्री साइकिल की भी सुविधा

LUCKNOW: गंजिंग में मस्ती के साथ गिफ्ट जीतने का पूरा मौका है। इसके तहत प्रशासन 'माई सिटी माई सजेशन' डेस्क भी लगा रहा है। जहां कोई भी अपना सुझाव दे सकता है। सबसे बेस्ट सुझाव देने वाले को क्रमश: तीन हजार, दो हजार और एक हजार पुरस्कार राशि भी दी जाएगी। यही नहीं इस बार गंजिंग कार्निवाल में पारंपरिक डांस के साथ रोबोटिक प्रोग्राम का तड़का पहले से ज्यादा मिलेगा। जहां दर्शक मुरारी लाल शर्मा मथुरा रूप का मयूर नृत्य चरकुल और फूलों की होली का लुत्फ उठाएंगे। मुंबई की मेराकी टीम द्वारा हाइटेक लेजर काइट फ्लाइंग के साथ रोबोटिक काइट शो का भी आयोजन किया जाएगा। इसके साथ गंजिंग में आए लोगों को एंटी टौबेको कैंपेन के तहत जागरूक भी किया जाएगा। कार्निवाल के दौरान शाम छह बजे से हजरतगंज में वाहनों की इंट्री बैन रहेगी।

कार्निवाल में लगेगा ब्लड डोनेशन कैंप

14 जून को गंज कार्निवाल के नए आकर्षण और मनोरंजन के साथ लोगों का स्वागत किया जाएगा। जहां गर्मी को देखते हुए इसबार फूड जोन पर दर्शकों के लिए पानी का फुहार डालने वाले पंखे भी लगाए जाएंगे। इसके साथ ही केजीएमयू ब्लड डोनेशन कैंप भी लगाएगा। इसके साथ दर्शकों को फ्री साइकिल भी दी जाएगी। लखनऊ महोत्सव में सम्मानित लोगों की डीआरएम आफिस के सामने फोटो प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। आयोजन को अवध की संस्कृति और शिल्प कला से जोड़ते हुए इस बार हस्त शिल्प चिकनकारी पॉटरी शिल्प व हाथी दांत से बनी सामग्री के विशेष स्टॉल भी लगाए जाएंगे। कार्निवाल की शुरुआत रॉक बैंड से होगी।

फूड जोन में साउथ का जायका

कार्निवाल के दौरान इस बार साउथ इंडियन फूड का स्वाद चखने का मौका मिलेगा। इसके लिए फूड जोन में कई नए स्टाल लगवाने की तैयारी की जा रही है। इसबार तीन फूड कोर्ट बनाए जाएंगे। जिसमें हर फूड जोन में 6 दुकानें होगी। जिसमें चार साउथ इंडियन फूड, एक नारियल पानी और 11 आइस्क्रीम का स्टॉल होगा। इसके अलावा अन्य 10 जगहों पर भी आइस्क्रीम के काउंटर लगाए जाएंगे। वहीं, कार्निवाल में किड्स जोन में मस्ती का पूरा इंतजाम होगा। इस बार बच्चों के मनोरंजन के लिए किड जोन सेल्फी प्वाइंट तो होंगे ही। इनफलेटेड करेक्टर्स पूरे हजरतगंज में घूमकर बच्चों का मनोरंजन करेंगे।

फ्री पार्किंग भी

इस बार आने वाले दर्शक फ्री पार्किंग का फायदा भी उठा सकते है। इसकी व्यवस्था अशोक मार्ग डीआरएम मार्ग और पार्क रोड चौराहे पर व्यवस्था की गई है। इसके अलावा एसबीआई मार्ग के दोनों ओर बेरीकेडिंग करके पार्किंग बनाई जाएगी। वहीं सभी भूमिगत पार्किंग की फीस 25 फीसदी कम होगी।

ट्रैफिक डायवर्जन

संडे शाम 6 से नाइट 12 बजे तक गंजिंग कार्निवाल के चलते हजरतगंज चौराहे से वाल्मिकी तिराहे के बीच नो व्हीकल जोन रहेगा।

- सुभाष परिवर्तन चौक चौराहे से हजरतगंज की ओर सिटी बसें नहीं आ सकें गी, बसें कैसरबाग चिरैयाझील सिकंदरबाग होकर जाएंगी।

- चारबाग से हजरतगंज की ओर सिटी बसें नहीं आ सकंगी। बसें केकेसी तिराहा से लोको चौराहा होते हुए जाएंगी।

- फैजाबाद रोड से निशातगंज होकर आने वाली रोडवेज सिटी बसें सिकंदरबाग से हजरतगंज की ओर नहीं जा सकेंगी। बसें संकल्प वाटिका से बाएं बैकुंठ धाम गोमती नदी, गांधी सेतु, गोल्फ क्लब, बंदरियाबाग, लालबत्ती ओवरब्रिज होकर जाएंगी।

- सुभाष परिवर्तन चौक चौराहे से हजरतगंज की ओर आने वाला सामान्य यातायात वाल्मिकी तिराहा से आगे नहीं जा सकेगा। ट्रैफिक हिंदी संस्थान से बाएं चिरैयाझील तथा दाहिने कैंपल रोड, लालबाग होकर जाएगा।

- लालबाग चौराहा से ट्रैफिक मेफेयर तिराहे की ओर नहीं जा सकेगा। ट्रैफिक कैम्पल रोड, वाल्मिकी तिराहा, कैपिटल तिराहा से होकर जाएगा।

- बैंक ऑफ इंडिया तिराहा से ट्रैफिक अल्का तिराहा की ओर नहीं जा सकगा। ट्रैफिक नवल किशोर रोड, डनलफ तिराहा होकर जाएगा।