- शहर में गणपति विसर्जन की रही धूम, मूर्तियों को श्रद्धालुओं ने रामगंगा में किया विसर्जित

- महाराष्ट्र के मराठा बैंड और कलाकारों की मटकी फोड़ टीम रही मुख्य आकर्षण

>

BAREILLY: जय गणेश देवा, अगली बरस तू जल्दी आना व गणपति बप्पा मोरिया, मंगलमूर्ति मोरिया के जयकारों से संडे को शहर गूंज उठा। संडे को गणेश चतुर्थी के मौके पर धूमधाम से गणेश प्रतिमा का विसर्जन किया गया। हर कोई गणेश की भक्ति में डूबा नजर आ रहा था। शहर की समितियों की ओर से विशाल शोभायात्रा के जरिए देर रात रामगंगा पहुंचकर गणेश विसर्जन किया गया। शोभायात्रा में मौजूद करीब 12 हजार से ज्यादा श्रद्धालुओं ने जमकर गणेश के जयकारे लगाए। दही हांडी फोड़ कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया।

कई समितियों ने लिया भाग

विसर्जन में श्री शिव गणेश सेवा समिति, गणेश महोत्सव समिति शाहदाना, खंडेलवाल मंदिर नया टोला, खत्रियान गणेश समिति बांसमंडी, श्री गणेश देवा मेवामंडी और श्री शिव शक्ति दुर्गा जी धाम मंदिर दरगइया गली, कटरा चांद खां समेत 14 से अधिक समितियों ने विसजर्1न किया।

नाचते-गाते िकया विसर्जन

गणेश विसर्जन के लिए मराठा बुलियन श्री गणेश महोत्सव समिति की ओर से आयोजित शोभायात्रा में भक्तों और श्रद्धालुओं समेत महाराष्ट्र से शहर आए लोगों ने हिस्सा लिया। इस दौरान मराठा एसोसिएशन के संस्थापक अध्यक्ष अनिल पाटिल भी मौजूद रहे। शोभायात्रा की शुरुआत घी मंडी से हुई। शोभायात्रा शिवाजी मार्ग, कुतुबखाना, बड़ा बाजार, साहूकारा होते हुए किला फाटक पर संपन्न हुई। इसके बाद शोभायात्रा विसर्जन के लिए रामगंगा रवाना हो गई। इसमें शामिल सैंकडों लोगों ने महाराष्ट्र से आए बैंड-बाजे की धुन पर झूमते नाचते रहे। शहर की समितियों ने विसर्जन के लिए रास्ते में मटकी फोड़ प्रतियोगिता आयोजित की थी। करीब सौ से ज्यादा जगहों पर मटकी फोड़ प्रतियोगिता हुई। जिसमें युवाओं ने बढ़ चढ़कर भागीदारी की। गणेश की विशाल प्रतिमाओं के साथ ही घरों से विसर्जन के लिए रामगंगा जाती हुई गणेश की छोटी प्रतिमा भी आकर्षण का केंद्र बनी रहीं।

कलाकारों का बेहतरीन परफार्मेस

मराठा बुलियन एसोसिएशन ने गणेश विसर्जन के शुभ मौके पर महाराष्ट्र के सांगली से जय महाराष्ट्र बैंड पार्टी बुलाई थी। जिसमें 70 गोविन्दाओं और 30 कलाकारों ने शोभायात्रा में अपना हुनर दिखाया। महाराष्ट्र से आए बैंड पार्टी में शामिल 80 कलाकारों ने मंजीरा और झांझर की धुन पर पारंपरिक नृत्य और पुष्पवर्षा के जरिए समां बांध दिया। इसके अलावा गणपति बप्पा मोरिया, अगले बरस तू जल्दी आना सरीखे गीतों पर कई झांकियां निकाली। जिसमें श्री गणेश परिवार, राधा कृष्ण व अन्य देवी देवताओं की झांकियां शामिल थीं। अध्यक्ष अनिल पाटिल ने बताया कि शोभायात्रा के दौरान महाराष्ट्र गोविंदाओं ने करीब 20 और स्थानीय टीमों ने भी बढ़ चढ़कर प्रतियोगिता में हिस्सा लिया।