- कार्यकारिणी की मंजूरी के बाद बोर्ड बैठक में रखा जाएगा प्रस्ताव

Meerut । जल्द ही आपको घर का कूड़ा फेंकने की समस्या से निजात मिल जाएगी, क्योंकि नगर निगम अगले माह घर-घर से कूड़ा उठाने की योजना शुरू कर रहा है। कमिश्नर डॉ। प्रभात कुमार की मंजूरी मिलने के बाद निगम ने डोर-टू-डोर कूड़ा क्लेक्शन की कागजी कार्यवाही शुरू कर दी है। शहरवासियों के लिए यह बहुत बड़ी राहत होगी।

मंजूरी का इंतजार

नगर निगम को डोर-टू-डोर कूड़ा क्लेक्शन योजना को शुरू करने के लिए कार्यकारिणी की मंजूरी का इंतजार है। कमिश्नर की मोहर लगने के लिए निगम इस प्रस्ताव को नगर निगम कार्यकारिणी में रखेगा। कार्यकारिणी इस प्रस्ताव को पास करेगी इसके बाद बोर्ड की मंजूरी के लिए यह प्रस्ताव जाएगा।

जेब करनी पड़ेगी ढीली

डोर-टू-डोर कूड़ा क्लेक्शन के लिए लोगों को अपनी जेब ढीली करनी होगी। क्योंकि निगम डोर-टू-डोर कूड़ा क्लेक्शन के बदले लोगों से शुल्क वसूल करेगा। घर कितना बड़ा है और कूड़ा कितना निकलता है, उसके हिसाब से निगम शुल्क की वसूली करेगा।

सालों से है इंतजार

शहरवासियों को डोर-टू-डोर कूड़ा क्लेक्शन के लिए सालों से इंतजार है। करीब तीन साल पहले एटूजेड कंपनी से निगम ने अनुबंध किया था। लेकिन छह माह बाद योजना ठप हो गई थी। तीन साल बाद फिर से निगम इस सुविधा को शुरू कर रहा है। वहीं दूसरी ओर एक साल पहले झांसी की कंपनी से अनुबंध किया गया था। लेकिन वह अनुबंध ज्यादा दिन नहीं चल पाया और डोर-टू-डोर कूड़ा क्लेक्शन शुरू नहीं हो पाया था।

कार्यकारिणी में इस प्रस्ताव को रखा जाएगा। इसकी मंजूरी मिलने के बाद बोर्ड से यह प्रस्ताव पास होगा। वैसे इस पर काम शुरू कर दिया गया है। जो कंपनी यह काम कर रही है, उनसे संपर्क किया जा रहा है। अगले महीने के अंत तक इस काम को शुरू कर दिया जाएगा।

मनोज कुमार चौहान, नगर आयुक्त

निगम की बोर्ड बैठक आज

नगर निगम की बोर्ड बैठक शनिवार को आयोजित होगी। बोर्ड बैठक में वर्ष 2018-19 का 435 करोड़ रुपये का बजट रखा जाएगा। बजट के पास होने के बाद शहर के विकास कार्य शुरू होंगे।