ईकोग्रीन के संसाधन

1481 कुल कर्मचारी लगभग

280 कुल ई-रिक्शा

337 हाथ रिक्शा

72 मिनी टिपर

889 कुल वाहन

- पिछले एक सप्ताह से कूड़ा उठान की व्यवस्था बेहद खराब

- वेतन न मिलने से जिम्मेदारी कंपनी के कर्मचारी बैकफुट पर

LUCKNOW:

शहर में घरों से कूड़ा कलेक्शन व्यवस्था पटरी से उतर चुकी है। जिससे जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। एक तरफ जहां निगम के अधिकारी जल्द ही व्यवस्था दुरुस्त करने का आश्वासन दे रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ जिम्मेदार कंपनी ईकोग्रीन के कर्मचारी वेतन न मिलने से समस्या का सामना कर रहे हैं।

चार माह से वेतन नहीं

जानकारी के अनुसार, निगम की ओर से ईकोग्रीन कंपनी को करीब 25 करोड़ रुपये का भुगतान किया जाना है। भुगतान न होने की वजह से कंपनी के एक हजार से अधिक कर्मचारियों को वेतन नहीं मिल पा रहा है। वेतन न मिलने से कर्मचारियों ने फील्ड पर जाना भी बंद कर दिया है। जिसका सीधा असर घरों से कूड़ा कलेक्शन व्यवस्था पर नजर आ रहा है। पिछले एक सप्ताह से शहर के कई इलाकों से कूड़ा कलेक्शन का काम नहीं हो रहा है। जिससे घरों के अंदर कूड़े के ढेर लग गए हैं।

पॉश एरिया भी प्रभावित

ऐसा नहीं है कि सिर्फ मलिन बस्तियों में कूड़ा कलेक्शन का काम नहीं हो रहा है। पॉश एरिया में भी स्थिति जस की तस बनी हुई है। आलम यह है कि इंदिरानगर व गोमतीनगर जैसे पॉश एरिया में पिछले सात से आठ दिन से कूड़ा कलेक्शन का काम नहीं हुआ है। यहां लोग खाली प्लॉट में कूड़ा फेंक रहे हैं।

बाक्स

चार दिन बाद सुधरेगी स्थिति

ईकोग्रीन कंपनी के अधिकारियों की माने तो व्यवस्था को पटरी पर आने में तीन से चार दिन लग सकते हैं। हाल में निगम की ओर से कंपनी को आंशिक भुगतान किया गया है, जिसके बाद कंपनी के कर्मचारियों को वेतन मिलने का रास्ता साफ हो गया है। वेतन बांटने आदि में दो से तीन लग सकते हैं। मतलब साफ है कि इस सप्ताह लोगों को राहत नहीं मिलने वाली है। सोमवार से स्थिति में सुधार आने की संभावना है।

वर्जन

कंपनी को नियमित रूप से भुगतान किया जा रहा है। पहले ही चेतावनी दी जा चुकी है कि घरों से कूड़ा कलेक्शन व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए।

डॉ। इंद्रमणि त्रिपाठी, नगर आयुक्त