आज से होना गतिमान एक्सप्रेस संचालन, रेलवे बोर्ड के चेयरमैन ने की थी घोषणा

अब भी आरडीएसओ से सेफ्टी सर्टिफिकेट मिलने का इंतजार कर रहे रेलवे अधिकारी

आगरा। आगरा-दिल्ली के बीच प्रस्तावित सेमी हाईस्पीड ट्रेन गतिमान एक्सप्रेस को अभी तक आरडीएसओ (रिसर्च एंड डिजायन स्टैंडर्ड आगाइजेशन) द्वारा सेफ्टी सर्टिफिकेट जारी नहीं किया गया है। इसके चलते यह ट्रेन 30 नवंबर को आगरा नहीं आएगी। हालांकि रेलवे बोर्ड के चेयरमैन अरुणेन्द्र कुमार ने 30 नवंबर को गतिमान एक्सप्रेस के संचालन की बात कही थी।

नाम और ट्रेन का नम्बर कर दिए तय

आगरा-दिल्ली के बीच 160 किमी। प्रति घंटा की रफ्तार से प्रस्तावित सेमी हाईस्पीड ट्रेन का नाम और नंबर रेलवे बोर्ड द्वारा अक्टूबर में ही तय कर दिए गए। इसमें हाईस्पीड ट्रेन का नाम गतिमान एक्सप्रेस और दिल्ली से ट्रेन का नंबर 12049 और आगरा से ट्रेन का नंबर 12050 निर्धारित कर नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया।

एलएचबी कोच हो गए तैयार

ट्रेन के लिए पंजाब के कपूरथला स्थित कोच फैक्ट्री में एलएचबी जर्क फ्री कपलर कोच तैयार हो चुके हैं। इनको नई दिल्ली लाया जा चुका है। इन कोचों को 160-200 किमी। की रफ्तार के मानक के अनुसार तैयार किया गया है। रेल मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार इन कोच को अत्याधुनिक रुप से तैयार किया गया है। इसमें फायर डिटेक्टर ऑटोमेटिक गेट, पैंसेजर इंफोरमेशन सिस्टम, वाई-फाई आदि लगाए जा रहे हैं।

शताब्दी से ज्यादा किराया

रेलवे बोर्ड द्वारा पिछले दिनों ट्रेन का फेयर भी तय कर दिया गया। इसमें आगरा से दिल्ली चेयरकार का फेयर 690 रुपये और एग्जीक्यूटिव क्लास का फेयर 1365 रुपये है। बता दें, इसका फेयर शताब्दी एक्सप्रेस से भी ज्यादा है। शताब्दी का फेयर 540 से 1040 के करीब है।

नई दिल्ली से सुबह आठ बजे चलेगी

रेलवे बोर्ड द्वारा जो गतिमान एक्सप्रेस का टाइमिंग शेड्यूल तय किया गया है। उसमें यह ट्रेन नई दिल्ली से सुबह आठ बजे आगरा के लिए चलेगी। 9.45 बजे आगरा कैंट पर पहुंचेगी। वापसी में शाम 5.30 बजे आगरा कैंट से नई दिल्ली के लिए रवाना होगी। शाम 7.15 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी।