- शहर के ग्रीन बेल्ट एरियाज को बचाने की चल रही कवायद

- कई जगहों पर पौधे लगाए जाने की भी हो रही तैयारी

GORAKHPUR: जीडीए अब पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी योगदान देने जा रहा है। शासन की एक नई योजना के तहत जीडीए शहर के ग्रीन बेल्ट एरियाज को संरक्षित करेगा। इसके तहत शहर में जहां-जहां भी ग्रीन बेल्ट एरिया हैं, उन जगहों को चिन्हित कर उनकी घेराबंदी की जाएगी। इसके अलावा शहर के कई एरियाज में पौधरोपण भी किया जाएगा। अधिकारियों के मुताबिक इसे लेकर तैयारी भी शुरू कर दी गई है। निर्माण विभाग के अधिकारियों को तय जिम्मेदारियां सौंपने के साथ ही योजना के लिए टेंडर निकाल दिया गया है। शासन का आदेश आते ही जीडीए पौधरोपण का कार्य शुरू कर देगा।

पर्यावरण संरक्षण में मदद

जीडीए सचिव एमके मिश्रा ने बताया कि शासन के इस नियम से शहरवासियों को काफी फायदा होगा। संरक्षित किए गए ग्रीन बेल्ट एरियाज की घेराबंदी से जहां पर्यावरण संरक्षण में मदद मिलेगी। वहीं, छुट्टा पशु भी पेड़-पौधों को नुकसान नहीं पहुंचा पाएंगे। इसके अलावा विभिन्न एरियाज में जीडीए पौधे लगाने के साथ ही उनकी सुरक्षा के लिए टी-गार्ड भी लगाए जाएंगे।

25 जगहों पर लगाए जाएंगे पौधे

ग्रीन बेल्ट एरियाज को संरक्षित करने के अलावा जीडीए शहर को हराभरा करने के लिए पौधरोपण की भी योजना बना रहा है। जीडीए उद्यान प्रभारी व सहायक अभियंता अनिल श्रीवास्तव ने बताया कि इसके लिए अभी तक 25 जगहों का चयन किया गया है। इनमें तीन स्थानों पर कंटीले तार लगाकर जमीन को सुरक्षित भी कर दिया गया है। अन्य जगहों पर भी घेराबंदी का कार्य चल रहा है। सभी जगह घेराबंदी पूरी होते ही पौधरोपण शुरू कर दिया जाएगा। सहायक अभियंता ने बताया कि इस कार्य के लिए सभी अधिकारियों को जिम्मेदारी दे दी गई है।

वर्जन

शासन की मंशा के अनरूप जीडीए पौधरोपण की तैयारी पूरी कर ली है। इसके लिए टेंडर भी निकाल दिया गया है। कई जगहों पर कंटीले तारों से घेरने का भी कार्य हो रहा है। जीडीए की कोशिश है कि शहर हरा-भरा हो जाए।

- डीएस उपाध्याय,

उपाध्यक्ष, जीडीए