- कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान करने के लिए घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं ने गंगा में किया स्नान, यथाशक्ति किया दान

VARANASI

कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर शनिवार को गंगा में पुण्य की डुबकी लगाने के लिए आस्थावानों का रेला उमड़ा। लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं ने गंगा के शीतल जल में डुबकी लगायी और अपने पाप कर्मो से मुक्ति का आशीर्वाद मांगा। गंगा स्नान के बाद लोगों ने अपनी क्षमता के अनुसार दान दिया और देवालयों में शीश नवाकर सुख समृद्धि की कामना की।

हर घाट पर लोगों का रेला

शहर के अलावा आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में श्रद्घालु घाटों पर पहुंचे। गंगा का हर घाट श्रद्धालुओं से पटा नजर आया। स्नानार्थियों की भीड़ रात से ही घाटों पर पहुंचने लगी थी। सुबह पांच बजे तक दशाश्वमेध, शीतला घाट, राजेन्द्र प्रसाद घाट, अहिल्याबाई घाट, मीर घाट पर तिल रखने भर की जगह नहीं थी। गंगा में स्नान का क्रम भोर से शुरू हुआ और शाम तक चलता रहा।

मंदिरों में लगाई हाजिरी

गंगा स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने गंगा के आसपास के मंदिरों में हाजिरी लगाई। लोगों की भीड़ के चलते सड़कों पर जाम की स्थिति रही। वहीं गलियों में लोगों का रेला आता- जाता दिखाई दिया। स्नान सकुशल संपन्न कराने के लिए डिस्ट्रिक्ट एडमिनिस्ट्रेशन ने चुस्त व्यवस्था की थी। घाटों पर पुलिस के जवानों के अलावा सुरक्षा बलों की भी तैनाती की गयी थी। भोर से ही घाटों की ओर जाने वाले सभी रास्तों पर वाहनों के आवागमन पर बैन लगा दिया गया था।