- प्रदेश में ड्राइवर के पीछे की तीन पंक्ति की सीटे महिलाओं को लिए आरक्षित

- सभी तरह की बसों में लागू होगा यह नियम

- महिलाओं के आने पर खाली करनी पड़ेगी सीट

LUCKNOW: प्रदेश के सभी बसों में अब ड्राइवर के पीछे की तीन रोज महिलाओं के लिए रिजर्व होंगी। महिलाओं के आने पर इन सीटों को खाली करना होगा। यह जानकारी परिवहन निगम के एमडी के रविन्द्र नायक ने दी। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था बुधवार से लागू हो जाएगी। अब तक ड्राइवर के पीछे की एक पंक्ति ही महिलाओं के लिए रिजर्व रहती थी।

एमडी के रविन्द्र नायक ने मंगलवार को कैसरबाग बस अड्डे पर महिला दिवस पर महिला यात्रियों को तोहफे दिए। इस मौके पर उन्होंने कहा कि महिलाओं के लिए सीट आरक्षण का मामला सभी तरह की बसों में लागू होगा। परिवहन निगम की एसी, साधारण के साथ ही विभिन्न शहरों में चल रही सिटी बसों में भी यह व्यवस्था लागू की जाएगी।

उन्होंने लखनऊ से दिल्ली तक चलने वाली पिंक बस सेवा में सफर कर रही महिलाओं को मिठाइंया और एक गिफ्ट वाउचर दिया। इस वाउचर में महिला को पिंक बस सेवा में एक तरफ की यात्रा नि:शुल्क मिलेगी। इसके लिए उसे कोई चार्ज नहीं देना होगा। सफर के दौरान उसे कंडक्टर को यह गिफ्ट वाउचर दिखाना होगा। लेकिन यह गिफ्ट वाउचर एम महीने के लिए मान्य होगा। कैसरबाग बस अड्डे पहुंची इस बस में मौजूद चार महिला यात्रियों को एमडी ने यह गिफ्ट वाउचर दिए। इस मौके पर एएमडी अदिति सिंह ने सभी महिलाओं को फूल भेंट कर उन्हें महिला दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि बस में एक महिला की ऑनलाइन बुकिंग है जो कि सीतापुर से इस बस में चढ़ेगी। ऐसे में उसका गिफ्ट वाउचर भी कंडक्टर को दे दिया गया है।