- लड़की को दूसरे लड़के साथ देखकर तिलमिला गया

- प्यार में ठोकर खाए आशिक की पब्लिक ने की पिटाई

आगरा। मदिया कटरा रोड पर कैलाशपुरी के पास स्थित एक कॉल सेंटर के सामने शनिवार को हंगामा खड़ा हो गया। एक लड़का लड़की को बुरी तरह पीट रहा था। सरेराह लड़की की पिटाई होते देख भीड़ जुट गई। फिर क्या था भीड़ ने सबक सिखाते हुए लड़के को पीटना शुरू कर दिया। वह लड़की को अपनी पूर्व प्रेमिका बता रहा था। मौके पर पुलिस पहुंच गई।

साथियों से मिलने आया था

लड़के का कहना था कि वह तीन साल पहले इस कॉल सेंटर में काम करता था। सदर में रहता है। शनिवार शाम को ऑफिस में अपने साथियों से मिलने आया था। तभी एक लड़की को देख उसका खून खौल उठा। वह किसी और लड़के के साथ थी। लड़की के पास पहुंच उसके गाल पर तमाचे जड़ दिए। उसके हाथ में चोट लग गई। लड़की को पीटते देख लड़के को पब्लिक ने दबोच लिया। उसे बुरी तरह से पीटा। कॉल सेंटर का स्टाफ बाहर आ गया। पुलिस ने लड़के को भीड़ से छुड़ाया। लड़की के हाथ की ड्रेसिंग कराई।

'उसने मेरे साथ अच्छा नहीं किया'

पुलिस के सामने भी सिरफिरा आशिक अपनी गलती मानने को तैयार नहीं था। सिपाहियों से बोल रहा था कि सर मुझे जान से मार दो, लेकिन उसने मेरे साथ अच्छा नहीं किया। उसे आज किसी और के साथ देख कर अपने आप को रोक नहीं पाया। लड़के के पिता बाहर रहते हैं। उसका कहना था कि वर्तमान में वह बेरोजगार है। लेकिन जब वह जॉब करता था, तब लड़की उसके साथ थी, लेकिन वह अब नहीं है। धोखा मिलने से वह नाराज है। लड़की ने इस मामले में पूरी तरह से चुप्पी साधे रखी। पुलिस लड़के को थाना जगदीशपुरा ले गई।