RANCHI: चार माह पूर्व दिल्ली के एक नाले में जिस युवती की लाश मिली थी, उसकी पहचान सोनी कुमारी के रूप में की गई थी। सोनी कुमारी मूल रूप से लापुंग की रहनेवाली थी। उसका भाई लापुंग से दिल्ली गया था और शव की शिनाख्त की थी। इसके बाद उसकी अंत्येष्टि दिल्ली में ही कर दी गई थी। पर, जिस भाई ने बहन को मरा समझ कर दफन किया था, उसकी बहन सकुशल अपने घर लौट आई। यह देखकर परिजन आश्चर्यचकित हैं। तुरंत ही लापुंग थाना पुलिस को सूचित किया। सूचना देने के बाद दिल्ली पुलिस से संपर्क किया गया। दिल्ली पुलिस भी आश्चर्य में पड़ गई और सोनी से पूछताछ करने दिल्ली से रांची आ रही है। गौरतलब है कि हत्या के मामले में तीन गिरफ्तारी होने के अलावा अभी भी एक आरोपी फरार है। जिसपर दिल्ली पुलिस ने 50 हजार का इनाम घोषित कर रखा है।

चार माह पूर्व मिली थी दिल्ली में लाश

आउटर दिल्ली के मियांवाली नगर में करीब चार महीने पहले एक लड़की की नाले में कई टुकड़ों में पॉलीथिन के अंदर लाश मिली थी। शव की शिनाख्त एक युवक ने अपनी बहन सोनी के रूप में की थी। लेकिन चार महीने बाद अचानक सोनी जिंदा होकर अपने घर पहुंच गई।

अब आगे क्या

पुलिस टीम सोनी से पूरे मामले को लेकर पूछताछ करेगी अगर वो ही सोनी है, तो वो इतने दिन तक कहां थी। उसने क्यों परिवार से संपर्क नहीं किया। वो इस बीच किस-किस के संपर्क में रही। इसके साथ ही उस लड़की का डीएनए टेस्ट भी करवाया जाएगा। साथ ही उस लड़के से भी पूछताछ की जाएगी, जिसने खुद को बड़ा भाई बताकर लाश की पहचान अपनी बहन सोनी के रूप में की थी। इसके अलावा पकड़े गए उन तीन आरोपियों से भी दोबारा पूछताछ की जाएगी, जिन्होंने माना था कि उन्होंने ही सोनी की हत्या की और शव के टुकड़े नाले में फेंक दिए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जो टीम झारखंड गई है, वो रविवार को हमसे संपर्क कर सकती है। इसके बाद कुछ पता चल पाएगा कि जो लड़की खुद को सोनी बता रही है, उसका उस लाश से क्या संबंध था। मामले में हो सकता है कि कोई नया खुलासा होकर कोई नई गिरफ्तारी संभव हो।