RANCHI: लोहरदगा की एक युवती अपनी अस्मत बचाने के लिए शुक्रवार रात भर रांची में संघर्ष करती रही। आरोपी ने उसके बाल नोचे। कपड़े उतारे। लेकिन वह खुद को बचाते हुए टॉवेल में ही कमरे से बाहर आ गई। इसके बाद शोर मचाकर पड़ोसियों को जगा दिया। घटना रातू थाना क्षेत्र के कमड़े देवी मंडप इलाके में किराए के एक घर की है। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और आरोपी युवक प्रतीक कुजुर को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद युवती को बंधक बनाने व उससे दुष्कर्म के प्रयास के आरोप में जेल भेज दिया। प्रतीक कुजूर मूल रूप से लातेहार का रहने वाला है, जो राय यूनिवर्सिटी में पॉलीटेक्निक की पढ़ाई कर रहा है।

क्या है मामला

पीडि़ता ने पुलिस को बताया कि वह लोहरदगा के सेन्हा थाना क्षेत्र की रहनेवाली है। आर्मी में पोस्टेड अपने दोस्त संजय तिर्की के बुलावे पर शुक्रवार सुबह नौ बजे रांची आई थी। उसे लाने प्रतीक कुजूर पिस्का नगड़ी गया था। वहां से युवती को कमड़े देवी मंडप इलाके में स्थित एक किराए के मकान में ले गया। वहां युवती दिन भर संजय तिर्की का इंतजार करती रही। इसी दौरान वह फन कैसल पार्क भी घूमी। देर शाम संजय के नहीं आने व लोहरदगा से उसकी मां का फोन आया तो वह बैग उठाकर जाने लगी। लेकिन, प्रतीक कुजूर ने उसे रोक लिया और कहा कि संजय से मिलकर ही जाना। इसके बाद दोनों ने खाना खाया, जिसके बाद युवती को दांत दर्द हुआ और वह सो गई। इसके करीब डेढ़ घंटे बाद प्रतीक उसके पास आया और अशोभनीय हरकत करने लगा। किसी तरह उसके चंगुल से बच कर युवती कमरे से बाहर निकली और शोर मचा कर पड़ोसियों को जगा दिया। इसके बाद मोहल्ले के लोगों ने रातू पुलिस को बुला दिया।