RANCHI : डीएवी कपिलदेव में सातवीं कक्षा की छात्रा शुभांदिनी के अपहरण का मामला सामने आया है। इस बाबत अपह्रत छात्रा के पिता चंद्रप्रकाश ने अरगोड़ा थाने में अपहरण की प्राथमिकी दर्ज करा दी है। छात्रा के अपहरण के मामले में अरगोड़ा पुलिस ने सोमवार को सुखदेवनगर एरिया के शांतिनगर से शुभांदिनी की सहेली को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। उसने बताया कि शुभांदिनी पलामू में है। इस सूचना पर रांची पुलिस ने पलामू पहुंचकर छात्रा की बरामदगी के लिए छापेमारी अभियान चलाया, पर उसका पता नहीं चल सका।

पांच दिसंबर से है लापता

गौरतलब हो कि शुभांदिनी पांच दिसंबर को डीएवी कपिलदेव स्कूल गई थी। उसके पिता न्यू एजी कॉलोनी में रहते हैं। देर शाम तक शुभांदिनी जब घर नहीं पहुंची तो परिजनों ने उसकी तलाश कर अरगोड़ा थाने मे एक गुमशुदगी का मामला दर्ज कराया। जब पुलिस ने छानबीन की तो पाया कि शुभांदिनी का लोकेशन सुखदेवनगर एरिया के शांतिनगर में रहनेवाले मनोज कुमार के घर का है। चंद्रप्रकाश ने सोमवार को मनोज कुमार और उनके परिवार के खिलाफ अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई है।

पुलिस पहुंची, देर से खोला दरवाजा

रविवार को अरगोड़ा पुलिस सुखदेवनगर थाना पुलिस की मदद से शांतिनगर पहुंची। शांतिनगर में जब मनोज कुमार का दरवाजा खुलवाया गया तो आधे घंटे के बाद दरवाजा खुला। उनलोगों ने शुभांदिनी के लापता होने के संबंध में इनकार किया। जब पुलिस ने उनलोगों के मोबाइल रिकॉर्ड की जांच की तो पता चला कि मनोज कुमार के द्वारा ही लड़की को एक सिम दिया गया है। उक्त सिम से शुभांदिनी उनकी लड़की से बातचीत भी करती है। इस मामले में सोमवार को पुलिस ने शुभांदिनी की सहपाठी को हिरासत में लेकर पूछताछ की।