पीएचसी उरुंवा में भर्ती कराया
Gorakhpur@inext.co.in
GORAKHPUR: बेलघाट इलाके में प्रेमिका ने शादी से इंकार करने पर अपनी जान दे दी। दोनों के बीच हुए विवाद के बाद प्रेमिका ने जहर खा लिया। हालत बिगड़ते ही प्रेमी ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। युवती की मौत के बाद प्रेमी युवक उसके शव के पास बैठकर घंटों रोता रहा। यह देख अस्पताल प्रशासन ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और युवक को गिरफ्तार कर लिया। बेलघाट के छितौना गांव के रहने वाले दुर्गविजय जायसवाल की 20 वर्षीय बेटी प्रिया का इलाके के ही त्रिलोकपुर के रहने वाले गणेश शर्मा से प्रेम प्रसंग चल रहा था। प्रिया सेंट पब्लिक स्कूल में प्राइवेट शिक्षिका थी। बुधवार की सुबह गणेश और प्रिया के बीच किसी बात को लेकर त्रिलोकपुर बंधे पर बहस हो गई। इसी दौरान युवती ने जहरीला पदार्थ खा लिया। जब उसकी हालत खराब हुई तो गणेश घबरा गया और उसने युवती को पीएचसी उरुंवा में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने प्रिया को मृत घोषित कर दिया।

पिता ने ठहराया जिम्मेदार
प्रिया की मौत के बाद गणेश उसके शव के पास घंटे भर बैठा रहा। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पहुंची उरुंवा पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक दोनों में काफी समय से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। युवती इधर बीच युवक पर शादी का दबाव बना रही थी। जबकि युवक कुछ बनने के बाद ही शादी को राजी था। इसी बात पर आज दोनों में अनबन हो गई और युवती ने जहर खा लिया। उधर युवती के पिता दुर्गविजय जायसवाल का आरोप है कि प्रिया रोज की तरह त्रिलोकपुर स्थित सेंट पब्लिक स्कूल में पढ़ने के लिए घर से सुबह 8 बजे निकली। आते-जाते समय गणेश शर्मा पुत्र सरजू प्रतिदिन उसे छेड़ता था। इसकी उसने कई बार शिकायत की। लडक़े को समझाने की भी कोशिश की गई। लेकिन वह अपनी आदतों से बाज नहीं आ रहा था। गणेश ही प्रिया की मौत का जिम्मेदार है। उरुवां थानेदार अरुण कुमार सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही जहर की पुष्टि हो सकेगी।