-दुर्गा पूजा पंडालों में कल्चरल प्रोग्राम की धूम

-पंडालों में हजारों की संख्या में उमड़े श्रद्धालु

kanpur@inext.co.in

KANPUR। धुनुची आरती के साथ दुर्गा पूजा पंडालों में मां भगवती की सप्तमी अराधना हुई। पंडालों में भीड़ के साथ भक्तों की मां के प्रति आस्था भी उमड़ रही है। पूजा पंडालों में हर वर्ग से जुड़े लोग पहुंच रहे हैं।

सुबह किया अंजली पूजन

दुर्गा पूजा पंडालों में मंगलवार सुबह सप्तमी पूजन किया गया। दुर्गा पूजा पंडालों पर हजारों की संख्या में भक्त जुटे और पूजन किया। बंगाली ट्रेडिशन में सप्तमी की सुबह अंजली दी जाती है। जिसमें भक्त विधिवत तौर पर पूजन करते हैं और सुबह घर पर खाना नहीं खाते पहले माता को अंजली देते हैं। अंजली देने के बाद चरणामृत लिया जाता है। फिर उसके बाद बूंदी व नमकपारे का नाश्ता किया जाता है। इसके बाद सभी बंगाली परिवार एक-दूसरे से मिलते हैं और माता की भक्ति में लीन हो जाते हैं।

भगवान राम ने किया था संधि पूजन

भगवान राम ने संधि काल पर संधि पूजन किया था। जो बंगाली ट्रेडिशन में आज भी संधि पूजन के तौर पर मनाया जाता है। बुधवार को अष्टमी व नवमी के मिलन पर संधि पूजन बंगाली समुदाय द्वारा की जाएगी। एबी विद्यालय में दुर्गा पूजा आयोजन में हिस्सा लेने वाली देविका मुखर्जी ने बताया कि जब भगवान राम रावण से युद्ध करने के लिए जाते हैं तो वे माता दुर्गा की पूजा करने का निश्चय करते हैं। इसके लिए अष्टमी व नवमी के संधि काल में 108 कमल पुष्पों से मां की पूजा की। पूजन करते वक्त एक कमल पुष्प कम हो गया तो राम अपने नीले नेत्र को निकालकर माता को अर्पित करने के लिए हाथ बढ़ाते हैं। तभी माता प्रकट होती हैं और राम का हाथ रोक देती हैं। वो क्षण जिस समय माता प्रकट हुई थीं, उसे ही संधि काल कहते हैं। इस काल में 108 कमल पुष्पों से माता की पूजा की जाती है।

भक्ति के साथ हंसी के बम भी

सिटी में दुर्गा पूजा पंडालों में धुनुची आरती से माहौल भक्तिमय हो गया है। श्री श्री बारवरी दुर्गा पूजा कमेटी की ओर से एबी विद्यालय माल रोड में हो रही दुर्गा पूजा में शाम 7.30 बजे धुनुची आरती की गई। ढाक की धुन पर आरती ने माहौल भक्तिमय बना दिया। देविका मुखर्जी ने बताया कि रोज दुर्गा पूजा में आरती होती है। इस आरती में मिट्टी की प्याली में नारियल की जटाओं से आरती की जाती है। इसी तरह से अन्य पंडालों में आरती की गई। बंगाली धुनों में माता के भक्ति गीत बहुत ही मनमोहक लग रहे थे। शाम को दुर्गा पूजा पंडालों में कल्चरल प्रोग्राम हुए, जिसमें भारी संख्या में भक्तों की भीड़ उमड़ी। एबी विद्यालय में दुर्गा पूजा पंडाल में हास्य कलाकार राजन श्रीवास्तव व सिंगर अनिल गुप्ता ने परफार्मेस दी। वहीं अशोक नगर दुर्गा पूजा पंडाल में रवींद्र नाथ टैगोर के नाटक का कलाकारों ने मंचन किया।