Ranchi : तारा शाहदेव ने एक और खुलासा कर इस पूरे मामले में पुलिस की भूमिका पर सवालिया निशान लगा दिया है। तारा शाहदेव ने कहा है कि पहले तो रंजीत सिंह कोहली के नाम से उन्हें मार दिए जाने की धमकियां मिल रही थीं, लेकिन अब पिछले दो दिनों से उन्हें पुलिस की ओर से ही रांची छोड़कर बाहर चले जाने की धमकी मिल रही है। तारा शाहदेव के पिता अंबिका प्रसाद शाहदेव का कहना है कि यहां उनका घर है, तो भला वे रांची छोड़कर कहां जाएं। पिछले एक सप्ताह से नेशनल लेवल की राइफल शूटर तारा शाहदेव की जिंदगी कैद में कट रही है। फरार पति रंजीत सिंह कोहली के चंगुल से बच निकलने के बाद भी तारा शाहदेव खौफ के साए में जी रही हैं।

 

 

सुरक्षाकर्मियों के लिए खाना पकाना पड़ रहा बीमार तारा को

तारा शाहदेव पति रंजीत सिंह कोहली द्वारा टॉर्चर किए जाने के कारण ठीक से चल भी नहीं पा रही हैं। शरीर में चोट और असहनीय दर्द की वजह से तारा सीधी खड़ी भी नहीं हो पा रही हैं। लेकिन, इसके बावजूद उन्हें अपने घर पर तैनात सुरक्षाकर्मियों के लिए खाना पकाना पड़ रहा है। गौरतलब है कि तारा शाहदेव के घर पर सुरक्षा की दृष्टि से सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। चौबीसों घंटे घर के बाहर बैठे इन सुरक्षाकर्मियों का तारा को आवभगत करना पड़ रहा है। सुरक्षाकर्मी कहीं जा नहीं सकते, इसलिए तारा ही इन्हें तीन टाइम का खाना भी परोस रही हैं। घर के छोटे से किचन में तारा ने टेबल लगाया है, जिसपर बैठकर स्लैब के सहारे सब्जियां काटने से लेकर बनाने, चावल, दाल और रोटियां तक बनाकर सुरक्षाकर्मियों को परोस रही हैं।

 

 

रंजीत सिंह कोहली के तीन नंबर बंद

शादी से पहले और उसके बाद भी तारा और उनके परिवारवालों से रंजीत सिंह कोहली जिस नंबर से कॉन्टैक्ट करता था, फिलहाल वो नंबर्स बंद आ रहे हैं। सोमवार को तारा शाहदेव ने उन नंबर्स को देते हुए बताया कि ये सभी नंबर्स बंद आ रहे हैं. 

 

 

रांची के नामी ग‌र्ल्स हॉस्टल की लड़कियों के संपर्क में है रंजीत : तारा

तारा ने बताया कि 19 साल से 22 साल की उम्र की लड़कियां ही रंजीत सिंह कोहली का शिकार होती थीं, क्योंकि वह नाबालिग लड़कियों के साथ रिस्क नहीं लेना चाहता था। इसके अलावा तारा ने बिना नाम बताए यह भी बताया कि उसका पति रंजीत सिंह कोहली शहर के नामी ग‌र्ल्स हॉस्टल की लड़कियों के भी संपर्क में है।

 

 

चाहती हूं कोई और मासूम न बने रंजीत का शिकार

15 लाख की मोटी रकम खर्च करने के बाद तारा की शादी तामझाम के साथ होटल रेडिशन ब्लू में हुई थी। सिर्फ बड़ा खर्च ही नहीं कई अरमान भी इस शादी से जुड़े थे, लेकिन डेढ़ महीने में ही तारा और उनके परिवारवालों के सारे अरमान खाक हो गए। तारा के मुताबिक, सात जून को पहली बार वह रंजीत से मिली, लेकिन उसे रंजीत से मिलवानेवालों ने तारा को बताया कि रंजीत की नजर उस पर काफी पहले से थी। रंजीत गायत्री मंत्र से लेकर तमाम धार्मिक मंत्रों का उच्चारण कर लेता था। घर पर पूरे झूठे कागजात के साथ तारा को अपने जाल में फंसाया। इसके बावजूद तारा ने हार नहीं मानने की कसम खाई है। कोई और मासूम रंजीत सिंह कोहली का शिकार न हो, इसलिए तारा इस लड़ाई के जरिए उसका पर्दाफाश करना चाहती है।

 

 

अमेरिका और दिल्ली से आ रहे हैं तारा को फोन

तारा शाहदेव की प्रताड़ना से संबंधित खबरें नेशनल व इंटरनेशनल लेवल पर प्रसारित की जा रही हैं। ऐसे में तारा शाहदेव के पास अमेरिका से फोन आया है। उनलोगों ने तारा और उसके परिजनों को बताया कि वे लोग भी रांची पहुंच रहे हैं। वीजा बनाने के लिए दे दिया गया है। वीजा बनने में दस दिन का समय लगेगा। जब तारा शाहदेव नेशनल राइफल शूटिंग कॉम्पटीशन में दिल्ली गई थी, उस वक्त कॉम्पटीशन में आर्मी के भी कई शूटर्स मौजूद थे। इस दौरान तारा की उनलोगों के साथ अच्छी-खासी दोस्ती हो गई थी। जब टीवी पर उनलोगों ने तारा शाहदेव का इंटरव्यू देखा, तो रात में फोन आया। फोन करनेवाले दोस्तों ने कहा कि तारा तुम मत घबराना, हमलोग मदद करने के लिए तैयार हैं।

 

 

रंजीत कोहली और उसकी मां के खिलाफ अरेस्ट वारंट

सीजेएम की अदालत ने तारा शाहदेव मामले में रंजीत सिंह कोहली और उसकी मां कौशल रानी के खिलाफ अरेस्ट वारंट जारी कर दिया है। यह वारंट हिंदपीढ़ी पुलिस के अनुसंधानकर्ता को दिया गया है।

 

 

बेवजह तूल दिया जा रहा है मामले को : एसएसपी

तारा शाहदेव मामले में आई नेक्स्ट ने एसएसपी प्रभात कुमार से बात की। आइए जानते हैं कि उन्होंने सवालों के जवाब में क्या कहा।

सवाल : आखिर तारा शाहदेव मामले की सच्चाई क्या है?

जवाब : अभी तक विक्टिम ने कोर्ट को जो बयान दिए हैं, एफआईआर दर्ज कराई है, उस पर पुलिस अपना काम कर रही है। पुलिस आरोपी रंजीत कोहली को दबोचने के लिए प्रयासरत है। इस मामले को बेवजह इतना तूल दिया जा रहा है।

सवाल : पीडि़ता ने धर्म परिवर्तन की बात कही है?

जवाब : प्रथम द्रष्टया में पुलिस पीडि़ता के सारे बयान को पढ़कर इस दिशा में काम कर रही है। जहां तक धर्म परिवर्तन का मामला है, तो अब तक रंजीत कोहली का वैसा कोई भी दस्तावेज या प्रूफ पुलिस को नहीं मिला है।

सवाल : ऐसा माना जा रहा है कि पुलिस थोड़ी सुस्ती दिखा रही है।

जवाब : नहीं ऐसी बात नहीं है। पुलिस अपनी कार्रवाई कर रही है। हां, साक्ष्यों को एकत्रित करने में थोड़ी देर तो लगती है।

सवाल : तारा और उनके परिजनों को धमकी मिल रही है?

जवाब : सारे तथ्यों की छानबीन की जा रही है। उन्हें जिस नंबर से धमकी दी गई है या दी जा रही है, उसको ट्रेस आउट किया जा रहा है।

सवाल : रंजीत कोहली पहले भी जेल जा चुका है?

जवाब : हां। बरियातू थाना में अनुसूचित जाति व जनजाति के तहत एक मामला दर्ज हुआ था। उस मामले में रंजीत कोहली जेल भी गया था। पुलिस उसके पुराने रिकॉर्ड को भी खंगाल रही है।