- 20 फीसदी खरीद में आई उछाल

- आभूषणों के खरीददारों में इजाफा

FATEHPUR: सोने और चांदी के दामों में गिरावट से खरीददारों और दुकानदारों की बल्ले-बल्ले हो गई है। दोनों धातुओं में गिरावट के चलते स्थानीय बाजार में खरीददारी 20 प्रतिशत तक बढ़ गई है।

अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर सोने और चांदी में लगातार गिरावट हो रही है। इसका लाभ दुकानदारों और खरीददारों में देखने को मिल रहा है। शुक्रवार को बाजार में रौनक रही। सर्राफा व्यापारियों की मानें तो बीते साल की तुलना में इस माह 20 फीसदी ज्यादा बिक्री हो रही है। बाजार में सोना 24,800 तो चांदी 34,000 रुपए 10 ग्राम तो तैयार आभूषण 500 अतिरिक्त दाम देकर खरीददारी हुई।

सूखे ने खरीददारी में लगाई ब्रेक

सोना सस्ता हो जाने का लाभ किसान नहीं उठा पा रहा है। फसलों में हुए नुकसान ने किसानों की आर्थिक कमर तोड़ रखी है। इसीलिए बाजार में ग्रामीणांचल के खरीददार कम मिल रहे हैं।

5 साल पूर्व के दाम पर

सोना चांदी के दामों में लगातार गिरावट दर्ज हो रही है। लोगो को आशा है कि अभी दामों में और गिरावट होगी। तमाम खरीददार दाम गिरने की आशा लगाए बैठे हैं। कारोबारियों की माने तो मौजूदा समय में आई गिरावट से पांच साल पूर्व के दाम बराबर हो गए हैं।

क्या बोले सर्राफा व्यसायी

- बाजार भाव में मंदी से 20 फीसदी बिक्री का इजाफा दर्ज किया जा रहा है। बीते सालों की तुलना में भाव मंदा होने से खरीददार घरों से ज्यादा निकल रहे हैं। अब भाव गिरने की उम्मीद नहीं है।

आनंद स्वरूप रस्तोगी, सर्राफ

- बाजार भाव कम होने से खरीददारों की संख्या में इजाफा हो रहा है। जरूरत के मुताबिक लोग सोने-चांदी के आभूषण की खरीददारी कर रहे हैं। वहीं ग्रामीणांचल के खरीददार सूखे के चलते कम आ रहे हैं। संजय रस्तोगी, सर्राफ

- स्थानीय बाजार आभूषणों की मंडी है। यहां पर लोग जमा पूंजी से सोने चांदी की खरीददारी में रुचि ले रहे हैं। बीते सालों के इन माहों में सन्नाटा रहता था। इसबार खरीददार मिल रहे हैं। संजय गुप्ता, सर्राफ