- बंदी का व्यापक असर रहा, लाखों रूपये का नुकसान हुआ

- पाटलिपुत्र सर्राफा संघ ने बंद को बताया सफल

PATNA : लगातार दूसरे दिन राजधानी में स्वर्ण व्यापारियों ने विरोध में दुकानें बंदी रखीं। सोने पर एक परसेंट एक्साइज टैक्स के विरोध में इनके स्वर और तल्ख हो गए हैं। इधर, स्वर्ण व्यापारियों की राष्ट्रीय यूनियन आईबीजेए और जीआईएफ के प्रतिनिधियों की सरकार से वार्ता में कोई सकारात्मक रूख नजर नहीं आ रहा है। इस बारे में पाटलिपुत्रा सर्राफा संघ के प्रवक्ता अतुल मेहता ने बताया कि बंद को दूसरे दिन और व्यापक समर्थन मिल रहा है। पूरी स्थिति पर नजर रखी जा रही है और सभी से एकजुटता बनाए रखने की बात कही गई है।

कार्यकारिणी की बैठक में बनेगी रणनीति

पाटलिपुत्र सर्राफा संघ के कार्यकारिणी की बैठक शुक्रवार दोपहर एक बजे होगी। अतुल मेहता ने बताया कि इसमें सभी प्रतिनिधियों को उपस्थित रहने को कहा गया है। इसमें आगे की रणनीति तय की जाएगी। इससे पहले गुरुवार को भी मीटिंग की गई। इसमें संघ के अध्यक्ष बिनोद कुमार ने सभी से धैर्य बनाये रखने की अपील की। मीटिंग में कार्यकारिणी के सदस्य अमित कुमार, अतुल मेहता व अन्य उपस्थित थे।

जारी रहेगी स्ट्राइक

शुक्रवार को भी बंदी जारी रहेगी। जब तक मांगों पर विचार नहीं हो जाता तब तक सभी मांगों के समर्थन में बने रहेंगे। अतुल मेहता ने कहा कि बाकरगंज, मुरादपुर, मछुआ टोली, बोरिंग रोड, राजा बाजार, दानापुर, सिटी एरिया सहित आस-पास सभी बड़े-छोटे दुकानों के शटर गिरे रहे। यह एक आंदोलन का रूप ले चुका है। इसके अलावा पहले से जानकारी होने के कारण ग्राहकों को भी इसकी पूरी जानकारी है। वहीं, बिहार स्वर्णकार संघ की ओर से भी इसका पूरा समर्थन किया गया है।

आखिर एक्साइज टैक्स का भार तो आगे ग्राहकों पर ही पड़ेगा। इस प्रकार से बिजनेस तो प्रभावित होगा ही। यह व्यापार के लिए बुरा समय है।

- उमेश टेकरीवाल, स्टोर मैनेजर तनिष्क स्टोर

दरअसल परेशानी तो ग्राहकों और व्यापारी दोनों को ही है। शादी का सीजन है और खरीदार भी बहुत परेशान हैं। फिलहाल हमलोग आगे की रणनीति पर नजर बनाए हुए हैं।

- संजय केशरी, प्रोपराइटर राजरत्‍‌न ज्वेलर्स