Jamshedpur: जमशेदपुर से कोलकाता के बीच फ्लाइट सर्विस 15 फरवरी से शुरू हो जाएगी। यह जानकारी केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री जयंत सिन्हा ने मंगलवार को दी। जमशेदपुर परिसदन में केंद्रीय मंत्री ने बताया कि इसकी बीडिंग एयर डेक्कन को मिली थी, जिसमें उसने सितंबर तक उड़ान शुरू करने की बात कही थी। इस बार उसने फरवरी तक का समय मांगा है। यदि इस बार भी वह सेवा शुरू नहीं कर सकी, तो दूसरी कंपनी को बीडिंग दी जाएगी। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि इसमें देरी की वजह यह भी है कि यहां 19 सीटर विमान चाहिए। यह विमान देश में नहीं बनता। आयात करना पड़ता है। आयात के बाद डीसीसीए की सर्टिफिकेशन लेनी पड़ती है, पायलट को विशेष ट्रेनिंग देनी पड़ती है। इन सब में काफी समय लगता है। वैसे एयर डेक्कन फ्लाइट सर्विस की प्रतिष्ठित कंपनी है। यह बेंगलुरू से फ्लाइट चला भी रही है। एयर डेक्कन के मालिक कैप्टन गोपीनाथ ने जमशेदपुर एयरपोर्ट से कोलकाता की फ्लाइट चलाई भी थी, जिसे बाद में किंगफिशर ने ले लिया था।

 

सोनारी से उड़ सकता 42 सीटर प्लेन

केंद्रीय मंत्री जयंत सिन्हा ने बताया कि सोनारी एयरपोर्ट से 42 सीटर प्लेन भी उड़ सकता है, लेकिन इसके लिए रनवे को थोड़ा बढ़ाना होगा। उन्होंने बताया कि रनवे के लिए सोनारी एयरपोर्ट में 5-6 एकड़ का क्लीयरेंस चाहिए। एयरपोर्ट की सीमा बढ़ाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इसके लिए टाटा स्टील से भी बात हुई है। यदि यह क्लीयरेंस मिल गई, तो डीजीसीए यहां निरीक्षण के लिए आएगी।

 

दुमका से फ्लाइट छह माह में

झारखंड में रांची के बाद जमशेदपुर से कोलकाता की उड़ान तो शुरू होगी ही, दुमका से चार-छह माह में फ्लाइट शुरू हो जाएगी। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि दुमका को पहले रांची से जोड़ा जाएगा। इसके बाद रांची को बोकारो व धनबाद से जोड़ने की योजना है। इसी कड़ी में डालटेनगंज और हजारीबाग को एयर कनेक्ट किया जाएगा।