-खजनी के भीटी खोरिया गांव का है मामला

-पुलिस ने मौके से दो कारतूस का खोखा किया बरामद

GORAKHPUR: खजनी के भीटी खोरिया गांव में मामूली विवाद में शनिवार की रात आधा दर्जन मनबढ़ एक घर पर चढ़ गए और परिवारीजनों को मारने-पीटने लगे। जिससे तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों के विरोध करने पर वह तमंचे से उन पर भी फायर झोंक दिए। गोली चलने से गांव में भगदड़ मच गई। सूचना पर जब तक पुलिस पहुंचती मनबढ़ फरार हो चुके थे। पुलिस ने मौके से दो कारतूस का खोखा बरामद किया है। पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ हत्या की कोशिश, बलवा समेत अन्य संगीन धाराओं में केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी।

खेत जोतने गया था युवक

भीटी खोरिया गांव में शनिवार को दिन में 18 वर्षीय गोल्हू ट्रैक्टर लेकर खेत जोतने जा रहा था। रास्ते में गांव के ही 18 वर्षीय धनंजय निषाद की साइकिल में ठोकर लग गया। इसको लेकर दोनों में कहासुनी होने लगी। बाद में ग्रामीणों के मध्यस्थता के बाद किसी प्रकार मामला शांत हुआ। आरोप है कि रात में करीब साढ़े नौ बजे गोल्हू पक्ष से आधा दर्जन लोग धनंजय निषाद के घर पर चढ़ कर गाली-गुप्ता देने के साथ मारने-पिटने लगे। आसपास के ग्रामीणों के विरोध करने पर वह उनपर ताबड़तोड़ फायर झोंक दिए। गोली चलते ही गांव में भगदड़ मच गई। ग्रामीणों ने गोली चलने की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर सीओ खजनी रचना मिश्रा, खजनी थानेदार पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे। पुलिस ने मौके से दो 312 बोर कारतूस का खोखा बरामद किया। मनबढ़ों की पिटाई से तीन लोग घायल हो गए थे। उनको इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने पीडि़त पक्ष की तहरीर पर छह लोगों के खिलाफ धारा 147, 148, 149, 504 और 307 का मुकदमा दर्ज कर दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अन्य मनबढ़ों की तलाश में लगी हुई है।