- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिया शहर से आवारा जानवरों को हटाने का निर्देश, हरकत में आया नगर निगम

- निचलौल में रखे जाएंगे सांड़, दुधारू पशुओं के मालिकों से भी लिया जाएगा पहले से ज्यादा जुर्माना

GORAKHPUR: शहर को आवारा जानवरों से मुक्त कराने के लिए सीएम योगी आदित्यनाथ के निर्देश देते ही नगर निगम के अधिकारी हरकत में आ गए हैं। निगम ने इसके लिए अभियान तेज कर दिया है। साथ ही आवारा जानवरों को रखने के लिए निचलौल में कांजी हाउस की व्यवस्था भी कर ली गई है। नगर आयुक्त ने शुक्रवार को कमिश्नर, गोरखपुर और महराजगंज जिले के डीएम को पत्र लिखकर आवारा जानवरों को हटाने के अपने नए अभियान की जानकारी दी और सहायक नगर आयुक्त को इससे संबंधित निर्देश भी दे दिए हैं।

निचलौल में कांजी हाउस का इंतजाम

नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश सिंह ने बताया कि अबतक शहर में पकड़े जाने वाले सांड़ फर्टिलाइजर में बने कांजी हाउस में रखे जाते हैं। लेकिन कांजी हाउस के फुल हो जाने पर बहुत दिक्कत होती है लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। उन्होंने बताया कि निचलौल के मधवलिया गो सदन से बात हो गई है। उन लोगों ने शहर के सांड़ों को रखने के लिए स्वीकृति दे दी है। नगर निगम ने भी शहर के सांड़ों को पकड़ने के लिए रणनीति बना ली है। अभी 15 दिन लगातार डेली कम से कम 50 सांड़ों को रात को अभियान चला पकड़कर फर्टिलाइजर के कांजी हाउस में रखा जाएगा। उसके बाद सुबह इन सांड़ों को निचलौल के मधवलिया गो सदन भेजा जाएगा। नगर निगम ने इसकी जानकारी कमिश्नर, गोरखपुर और महराजगंज जिले के डीएम को पत्र लिखकर दे दी है।

अब 2000 रुपए लगेगा जुर्माना

इसके साथ ही नगर आयुक्त ने यह भी आदेश जारी किया है कि सांड़ों को पकड़ने के बाद दुधारू पशुओं को पकड़ने का अभियान चलेगा। इस अभियान में जो भी दुधारू पशु पकड़े जाएंगे, उनके मालिकों से अब जुर्माना बढ़ाकर लिया जाएगा। अभी तक दुधारू पशु पर 500 रुपए जुर्माना और 60 रुपए डेली खुराकी खर्च नगर निगम द्वारा मालिक से लिया जाता रहा है। लेकिन अब यह जुर्माना 2000 रुपए और 100 रुपए डेली खुराकी के रूप में लिया जाएगा।

वर्जन

सीएम के निर्देश के बाद आवारा जानवरों को पकड़ने का अभियान और तेज कर दिया गया है। 10 से 15 दिन में शहर को आवारा जानवर मुक्त कर दिया जाएगा। इसके लिए नगर निगम ने पूरी तैयारी कर ली है।

- प्रेमप्रकाश सिंह, नगर आयुक्त, नगर निगम