- जेल अधिकारियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग

- 14 अक्टूबर को कैदी की मौत के बाद जेल में भड़का था बवाल

GORAKHPUR: जेल में कैदी सूर्यभान की मौत का मामला मंगलवार को गर्म रहा। जेल अधिकारियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज कराने की मांग को लेकर सूर्यभान की पत्नी फूला ने आत्मदाह करने की कोशिश की। पहले से उसकी चेतावनी को लेकर पुलिस सजग थी। सीओ कैंट अभय कुमार मिश्रा की अगुवाई में पुलिस ने महिला को अरेस्ट कर लिया। उसके बच्चों को भी महिला थाना ले जाया गया। महिला ने आरोप लगाया कि जेल में वसूली को लेकर उसके पति की पिटाई हुई थी।

मौत पर हुआ था बवाल

चिलुआताल एरिया के मीरपुरदुबी गांव का सूर्यभान हत्या की सजा काट रहा था। 14 अक्टूबर की सुबह अबुझ हाल में बीमार पड़ने से उसकी मौत हो गई। इसकी सूचना के बाद जेल में बंदियों ने जमकर बवाल काटा। उसकी पिटाई का आरोप जेल अधिकारियों पर लगाया। कैदी की पत्नी फूला देवी ने जेलर पर हत्या का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराने की मांग की। कहा कि यदि पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो मंगलवार सुबह जेल गेट पर बच्चों के साथ आत्मदाह करेगी।

पुलिस हुई चौकन्नी

महिला की चेतावनी सामने आने से पुलिस हरकत में आ गई। जेल अधिकारी भी चौकन्ने हो गए। मंगलवार सुबह जेल के अधिकारी और कर्मचारियों की ड्यूटी लग गई। सीओ अभय कुमार मिश्रा की अगुवाई में महिला थाना एसओ डॉ। शालिनी सिंह सहित भारी फोर्स पहुंच गई। इस दौरान उसके कलेक्ट्रेट जाने की सूचना से खूब दौड़भ्ाग हुई।

पकड़कर ले गए थाने

पुलिस अधिकारी महिला के जेल पहुंचने का इंतजार करने लगे। करीब साढ़े 11 बजे असुरन चौकी की ओर से वह जेल की ओर जा रही थी। तभी पुलिस ने उसे बच्चों सहित पकड़ लिया। महिला ने आरोप लगाया कि उसके पति को जेल में पीटा जाता था। बैठकी के नाम पर पैसा ना देने पर उसके पति को प्रताडि़त किया जा रहा था। घटना के पहले मुलाकात पर वह गई तो पति ने पिटाई की बात बताई थी। 14 अक्टूबर को उसकी पेशी थी। इसके पहले मोबाइल की तलाशी लेने को लेकर उसेखूब पीटा गया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह स्पष्ट ना होने से डॉक्टरों ने बिसरा प्रिजर्व किया।