- वर्दी वालों की मौजूदगी में कट रहे थे पेड़

- गुलरिहा एरिया के बनगाई जंगल की घटना

GORAKHPUR: गुलरिहा एरिया के बनगाई जंगल में रविवार रात काफी उथल-पुथल रहा। एक साइड देर रात गोली चली तो दूसरी साइड एक डेड बॉडी मिली। मामला तब ज्यादा संदेहास्पद हो गया जब पुलिस वन कर्मचारियों की सूचना पर आनन फानन में सुबह तीन बजे डेड बॉडी उठा ले गई। पुलिस ने सुबह होने का इंतजार नहीं किया। दोपहर में गांववासियों को बुलाकर कानूनी औपचारिकता पूरी कराई।

वन कर्मचारियों ने देखी डेड बॉडी

रविवार रात करीब तीन बजे वन कर्मचारी जंगल में गश्त पर निकले थे। एकला नंबर दो गांव के हतवा टोला की ओर जंगल में साखू के पेड़ के सहारे एक व्यक्ति को बैठा देखकर रूक गए। करीब जाने पर पता लगा कि युवक के नाक और सिर के पीछे से खून बह रहा था। लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी। वन कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी। रात में एबुलेंस लेकर पहुंची पुलिस डेड बॉडी लेकर पोस्टमार्टम हाउस चली गई। सुबह होने पर आसपास के लोगों को युवक के हत्या की जानकारी मिली। इसके बाद क्षेत्र में कई तरह की चर्चाएं होने लगी।

अज्ञात की नहीं हुई पहचान

रात में डेड बॉडी ले जाने से गांव के लोग मृत व्यक्ति को नहीं देख सके। इसलिए उसकी पहचान नहीं हो सकी। पीली-नीली चेकदार टी-शर्ट और जींस पैंट पहने 30 उम्र के युवक के पैरों में बरसाती चप्पल थी। रात में डेड बॉडी ले जाने वाली पुलिस ने प्रधान और गांव के लोगों को दोपहर में पोस्टमार्टम हाउस बुलाया। लेकिन वे पहचान नहीं सके।

जंगल में हुई थी दो राउंड फायरिंग

युवक की डेड बॉडी मिलने के बाद से क्षेत्र में तरह-तरह की बातें हो रही हैं। शनिवार रात जंगल में फायरिंग भी हुई थी। चकिया चौराहे से सरैया की ओर जाने वाले रास्ते से सटे जंगल में दो राउंड फायरिंग हुई थी। कहा जा रहा है कि रात में कुछ लोग पेड़ काटने पहुंचे थे। उनको देखकर वन कर्मचारियों ने गोली दागी। इसके बाद ही पेड़ के नीचे युवक की डेड बॉडी मिली। हालांकि पुलिस ने ऐसी किसी जानकारी से इनकार किया।

इन वजहों से बढ़ा संदेह

- रात में तीन बजे पुलिस डेड बॉडी लेकर चली गई। सुबह होने का इंतजार नहीं किया गया।

- सुबह होने पर आसपास के लोग युवक को देखकर पहचान कराने में पुलिस की मदद कर सकते थे।

-जिस जगह डेड बॉडी मिली। वहां बाइक या साइकिल से जाया जा सकता है। लेकिन इलाके और जंगल के रास्ते सेअंजान व्यक्ति उधर नहीं जा सकता है।

- शनिवार रात जंगल में कुछ तस्कर पेड़ काट रहे थे। जंगल में चार पेड़ कटने की चर्चा है।

- डेड बॉडी वाली जगह पर खून के धब्बों को मिटाने के लिए मिट्टी लीपी गई थी।

- वर्दी वालों की मौजूदगी में पेड़ काटने की भी चर्चा इलाके में हाे रही है।

वर्जन

इस मामले की जांच की जा रही है। युवक की पेड़ से गिरकर मौत हो सकती है। युवक की पहचान होने पर सही मामला सामने आ सकेगा। मृत व्यक्ति की पहचान कराने की कोशिश की जा रही है।

राकेश्ा सिंह यादव, एसओ गुलरिहा