- जिले की नदियों की तलहटी से कई साल से साफ नहीं किया गया है सिल्ट

- सिंचाई विभाग की लापरवाही के चलते कम होती गई नदियों की गहराई

- समय पर होता कार्य तो इतना नहीं पड़ा होता बांधों पर दबाव

GORAKHPUR: राप्ती और रोहिन नदी से मची तबाही के दोषी सिंचाई विभाग के जिम्मेदार हैं। नदी की तलहटी में जमे गाद की सफाई में ये लोग वर्षो से लापरवाही बरतते आए हैं। जिसका नतीजा है कि बीते 15 साल में राप्ती की गहराई 2.50 मीटर तो चौड़ाई भी 400 मीटर तक कम हुई है। वहीं रोहिन नदी की भी गहराई साढ़े तीन मीटर घटी है। इन नदियों की तलहटी में जमे गाद के चलते ही इस बार लेवल बढ़ते ही पानी बांध के पास पहुंच गया। अगर ये नदियां अपनी पुरानी गहराई और चौड़ाई पर होतीं तो बांधों पर पानी का इतना अधिक दबाव नहीं पड़ता।

इसलिए भर गई है नदी

केंद्रीय जल आयोग के जेई सचिदानंद का कहना है कि जिन नदियों की तलहटी में बालू या कोई खनिज पदार्थ नहीं होता, उनमें अक्सर ऐसी प्रॉब्लम हो जाती है। इन नदियों के किनारे बांध होने के कारण इनमें पहाड़ी और मैदानी एरिया से पानी के साथ बहकर आने वाला गाद पानी शांत होने के बाद तलहटी में ही जमा होता है। वहीं, खनिज पदार्थ ना होने के कारण नदी की तलहटी की सफाई का कार्य भी नहीं होता जिससे गाद भरा रह जाता है। राप्ती और रोहिन नदी के साथ यही होता आया है।

हर साल भर रहा आधा मीटर

राप्ती और रोहिन नदी की गहराई और चौड़ाई की बात करें तो 1998 के बाद से ही कम होने लगी हैं। 1998 में राजघाट पुल के पास राप्ती की गहराई 10.75 मीटर और चौड़ाई 800 मीटर थी। वहीं 2017 में गहराई 8.50 मीटर और चौड़ाई लगभग 400 मीटर रह गई है। यानि इस बीच राप्ती की गहराई 2.25 मीटर और चौड़ाई 400 मीटर कम हुई है। वहीं, रिंगौली में राप्ती नदी की 3.50 मीटर गहराई और चौड़ाई 250 मीटर कम हुई है। जानकारों के मुताबिक अगर इसी तरह नदी की तलहटी में गाद भरता रहा तो अगले साल पानी का लेवल एक मीटर और ऊपर हो जाएगा।

ऐसे कम होती गई नदियों की गहराई

1998

नदी जगह गहराई चौड़ाई

रोहिन त्रिमुहानी 12 मीटर 250 मीटर

राप्ती नदी राजघाट 10.75 मीटर 800 मीटर

राप्ती नदी रिंगौली 17 मीटर 700 मीटर

2003

नदी जगह गहराई चौड़ाई

रोहिन त्रिमुहानी 11 मीटर 200 मीटर

राप्ती नदी राजघाट 10.50 मीटर 700 मीटर

राप्ती नदी रिंगौली 17 मीटर 800 मीटर

2007 (इस समय भी नदी में बाढ़ आई थी)

नदी जगह गहराई चौड़ाई

रोहिन त्रिमुहानी 9.25 मीटर 225 मीटर

राप्ती नदी राजघाट 10 मीटर 750 मीटर

राप्ती नदी रिंगौली 15 मीटर 750 मीटर

2009

नदी जगह गहराई चौड़ाई

रोहिन त्रिमुहानी 9 मीटर 175 मीटर

राप्ती नदी राजघाट 9.50 मीटर 650 मीटर

राप्ती नदी रिंगौली 15 मीटर 700 मीटर

वर्तमान गहराई व चौड़ाई

नदी जगह गहराई चौड़ाई

रोहिन त्रिमुहानी 8 मीटर 150 मीटर

राप्ती नदी राजघाट 8.50 मीटर 400 मीटर

राप्ती नदी रिंगौली 13.50 मीटर 550 मीटर

वर्जन

नदियों की खोदाई या सफाई ना होने के कारण तलहटी में गाद भरा है। जिस कारण वाटर लेवल काफी अधिक बढ़ गया। यह आगे और अधिक परेशानी खड़ी करने वाला है।

- रामकिशुन, एसडीओ (उप मंडलीय अभियंता), केंद्रीय जल आयोग